Report by: Ravi Singh, Edit by: Priyanshi Soni
Etawah: जिले के ऊसराहार थाना क्षेत्र अंतर्गत सरसई नवार गांव में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। करीब 40 साल पुराना दो मंजिला मकान अचानक भरभराकर गिर गया। हादसे में महिला की मौत हो गई, जबकि पति और बेटा गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के मुताबिक, हादसे के समय मकान की ऊपरी मंजिल पर अशोक कुमार, उनकी पत्नी ममता देवी और बेटा हिमांशु सो रहे थे। अचानक पहले छत गिरी और इसके बाद पूरा मकान ढह गया, जिससे तीनों मलबे में दब गए।
Etawah: ग्रामीणों ने मलबे से निकाला बाहर
घटना की सूचना मिलते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत कर तीनों को मलबे से बाहर निकाला और तत्काल अस्पताल पहुंचाया।
हालत गंभीर होने पर अशोक कुमार और उनकी पत्नी ममता देवी को इलाज के लिए ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने ममता देवी को मृत घोषित कर दिया। वहीं अशोक कुमार और बेटे हिमांशु की हालत गंभीर बनी हुई है, जिन्हें सैफई पीजीआई रेफर किया गया है, जहां उनका उपचार जारी है।
पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव
घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में मकान के गिरने का कारण जर्जर हालत बताया जा रहा है।
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
हादसे के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में शोक का माहौल बना हुआ है।





