रिपोर्ट- जयपाल जाट
शिवपुरी: शिवपुरी ने आज अपने धार्मिक इतिहास का नया अध्याय रच दिया। राजराजेश्वरी मंदिर से कथा स्थल तक निकली भव्य कलश यात्रा में हजारों महिलाओं ने सहभागिता कर अद्वितीय दृश्य प्रस्तुत किया। बताया जा रहा है कि शिवपुरी में अब तक इतनी विशाल और दिव्य कलश यात्रा पहले कभी नहीं निकाली गई थी। 24 नवंबर से 30 नवंबर तक आयोजित हो रही बाबा बागेश्वर धाम के पंडित धीरेंद्र शास्त्री की भागवत कथा को लेकर श्रद्धालुओं में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है। कथा शुरू होने से एक दिन पहले ही श्रद्धालुओं का जनसैलाब कथा स्थल पर पहुंचना शुरू हो गया।

कपिल मोटर्स के संचालक कपिल गुप्ता द्वारा आयोजित इस विशाल कार्यक्रम में बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए रहने और भोजन की व्यवस्थाएं की जा चुकी हैं। वहीं प्रशासन की ओर से सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद करने के लिए लगभग 1500 पुलिसकर्मियों की तैनाती की जा रही है।
देश के सबसे प्रसिद्ध आचार्यों में से एक पंडित धीरेंद्र शास्त्री की कथा शिवपुरी मुख्यालय पर पहली बार आयोजित हो रही है, जिसे लेकर सभी धर्म व समाजों में विशेष उत्साह का माहौल है। श्रद्धालु धीरेंद्र शास्त्री के मुखारविंद से भागवत कथा सुनने के लिए उत्सुकता से प्रतीक्षा कर रहे हैं।





