रिपोर्ट: पवन राजोरिया
भिण्ड: भिण्ड जिले की गोहद कृषि उपज मंडी में धान की फसल बेचने पहुंचे किसानों की मेहनत पर बारिश ने पानी फेर दिया। अचानक हुई बारिश से हजारों क्विंटल धान भीग गया, जिससे किसानों को अब उचित दाम नहीं मिल पा रहे हैं। व्यापारी भीगे धान को 1500 से 1700 रुपए प्रति क्विंटल तक के कम दामों में खरीद रहे हैं।
किसानों का कहना है कि वे तीन दिनों से मंडी में खड़े हैं, लेकिन बोली सही समय पर न लगने से उन्हें भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है। करीब 400 ट्रैक्टर-ट्रॉलियों में धान मंडी परिसर में पड़ा है, जो अब पूरी तरह से भीग चुका है।
किसानों ने मंडी में उचित इंतज़ाम न होने पर नाराज़गी जताई है। उनका कहना है कि बारिश से बचाव के कोई पुख्ता इंतज़ाम नहीं किए गए। वहीं, मंडी सचिव राकेश यादव ने कहा कि किसानों की फसलों की बोली शुरू कराई जा रही है, और व्यापारी जो भी धान खरीदना चाहें, वही खरीदी कर सकेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि व्यवस्थाएं सुधारने के प्रयास जारी हैं ताकि सभी किसानों की फसल खरीदी हो सके।





