BY: Yoganand Shrivastva
नई दिल्लीः पहलगाम में हुए आतंकी हमले के जवाब में भारत ने ऑपरेशन सिंदूर के तहत पाकिस्तान के आतंकी ठिकानों पर व्यापक कार्रवाई शुरू कर दी है। इस सैन्य अभियान के बाद पाकिस्तान में हड़कंप मच गया है। जवाबी कार्रवाई के तहत पाकिस्तानी सेना ने बुधवार देर रात और गुरुवार को भारत के कई शहरों की ओर मिसाइल, ड्रोन और फाइटर जेट भेजने की कोशिश की, लेकिन भारतीय सुरक्षाबलों ने अधिकांश हमलों को समय रहते विफल कर दिया।
सूत्रों के मुताबिक, भारतीय वायुसेना ने पाकिस्तान के तीन फाइटर जेट, कई मिसाइलों और ड्रोनों को हवा में ही निशाना बनाकर नष्ट कर दिया। भारत की जवाबी कार्रवाई के तहत पाकिस्तान के अंदर मौजूद कई आतंकी ठिकानों को निशाना बनाया गया, जिससे वहां भारी नुकसान हुआ है।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए जम्मू और जैसलमेर जैसे सीमावर्ती क्षेत्रों में सुरक्षा एजेंसियों ने एहतियातन बिजली आपूर्ति बंद कर दी है। संभावित हमले की आशंका के बीच स्थानीय प्रशासन हाई अलर्ट पर है।
इस सैन्य टकराव ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी चिंता बढ़ा दी है, और कई देश स्थिति पर नज़र बनाए हुए हैं। भारत सरकार का कहना है कि वह देश की संप्रभुता और नागरिकों की सुरक्षा से किसी भी तरह का समझौता नहीं करेगी।





