Report by: Rajeev mehta
Yamunanagar: हरियाणा के यमुनानगर में दिनदहाड़े हुई हत्या की वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई। फरकपुर क्षेत्र में स्थित एक प्रॉपर्टी एडवाइजर के ऑफिस में घुसकर बदमाशों ने 55 वर्षीय प्रॉपर्टी डीलर की बेरहमी से हत्या कर दी। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
Yamunanagar: ऑफिस में अकेले बैठे थे प्रॉपर्टी डीलर
जानकारी के मुताबिक मृतक की पहचान हरनौल पंचतीर्थ निवासी 55 वर्षीय कलीराम उर्फ मलिक कलीराम के रूप में हुई है। वह रोज की तरह अपने गणपति प्रॉपर्टी एडवाइजर कार्यालय में बैठे हुए थे।
बताया जा रहा है कि इसी दौरान एक युवक ऑफिस में पहुंचा और अचानक तेजधार हथियार से कलीराम पर हमला कर दिया। आरोपी ने उन पर कई वार किए, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
Yamunanagar: वारदात के बाद इलाके में मचा हड़कंप
दिनदहाड़े हुई इस हत्या के बाद आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

मृतक के परिवार में दो बेटियां और एक बेटा है, जो अमेरिका में रहता है। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में मातम पसर गया।
Yamunanagar: पुलिस कई एंगल से कर रही जांच
मौके पर पहुंचे जिला पुलिस अधीक्षक कमलदीप गोयल ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और तकनीकी साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।
पुलिस के मुताबिक कलीराम प्रॉपर्टी का कारोबार करते थे, इसलिए पुरानी रंजिश, लेन-देन और कारोबारी विवाद जैसे सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।
Yamunanagar: आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस
पुलिस का कहना है कि हमलावर की पहचान करने के प्रयास जारी हैं। शुरुआती जांच में यह मामला आपसी रंजिश से जुड़ा हुआ माना जा रहा है, हालांकि अभी तक किसी भी कारण की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
जांच अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया जाएगा। वहीं इलाके में सुरक्षा व्यवस्था भी बढ़ा दी गई है।
read also: Ambikapur: गर्भवती महिला की हत्या से सनसनी, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में चौंकाने वाले खुलासे





