BY: Yoganand Shrivastva
रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन गुरुवार को भारत पहुंच रहे हैं। यह दो दिवसीय यात्रा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर काफी महत्वपूर्ण मानी जा रही है। इसी बीच यह जानकारी भी सामने आ गई है कि उन्हें एयरपोर्ट पर रिसीव करने कौन जाएगा। सूत्रों के अनुसार, ऐसी संभावना जताई जा रही है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी स्वयं एयरपोर्ट पर पहुंचकर राष्ट्रपति पुतिन का स्वागत कर सकते हैं। इस कदम को भारत की ओर से पुतिन की यात्रा को दिए जा रहे महत्व के तौर पर देखा जा रहा है। माना जा रहा है कि पुतिन का विमान दिल्ली के पालम एयरपोर्ट पर उतरेगा।
भारत-रूस शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेंगे पुतिन
पुतिन इस दौरे में प्रधानमंत्री मोदी के साथ 23वें भारत-रूस वार्षिक शिखर सम्मेलन में शामिल होंगे। चार साल बाद पुतिन भारत आ रहे हैं, इसलिए यह यात्रा रणनीतिक और कूटनीतिक दृष्टि से बेहद अहम मानी जा रही है।आज शाम प्रधानमंत्री मोदी उनके सम्मान में प्राइवेट डिनर भी होस्ट करेंगे। इसके अगले दिन दोनों देशों के शीर्ष नेताओं के बीच विस्तृत द्विपक्षीय वार्ता होगी।
कई बड़ी डिफेंस डील पर नजर
इस यात्रा के दौरान भारत और रूस के बीच कई बड़े रक्षा समझौते होने की संभावना है। इनमें—
- SU-57 फाइटर जेट्स पर संभावित डील
- S-400 और S-500 सिस्टम पर आगे की प्रगति
- अन्य प्रमुख डिफेंस प्रोजेक्ट्स में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा
इसके अलावा, रूस भारत के लिए एक बड़ा निर्यात बाजार बनने की दिशा में भी काम आगे बढ़ सकता है। फिलहाल भारत रूस को करीब 5 अरब डॉलर का निर्यात करता है, जिसे स्मार्टफोन, मेडिसिन, कपड़ा, इलेक्ट्रॉनिक्स और रक्षा क्षेत्रों में विस्तार देने की योजना है।





