,

प्रेमिका से मिलने की कोशिश कर रहे युवक को पिता ने मारी गोली, मौके पर हुई मौत

BY: Yoganand Shrivastva

इटावा (उत्तर प्रदेश)। उत्तर प्रदेश के इटावा जिले में प्रेम संबंधों को लेकर एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। चौबिया थाना क्षेत्र के खेड़ा हेलू गांव में सोमवार देर रात एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। युवक, गांव की एक लड़की से प्रेम करता था और उसी से मिलने के लिए रात को उसके घर गया था। लड़की के पिता ने उसे छत पर चढ़ते हुए देख लिया और गोली चला दी। युवक की मौके पर ही मौत हो गई।

गांव में रह रहा था मृतक युवक

जानकारी के मुताबिक, मृतक लवकुश पाल (18 वर्ष) मूल रूप से औरैया जिले के अजीतमल क्षेत्र का रहने वाला था। वह पिछले कुछ समय से अपने बहनोई गीतेंद्र पाल के घर, खेड़ा हेलू गांव में रह रहा था। इसी गांव की एक लड़की राखी से उसका प्रेम संबंध था। बताया गया कि सोमवार की रात लगभग 10:45 बजे वह चुपचाप राखी से मिलने उसके घर पहुंचा।

छत पर चढ़ते वक्त पकड़ा गया युवक

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, लवकुश जैसे ही लड़की के घर की दूसरी मंजिल पर चढ़ने की कोशिश कर रहा था, तभी राखी के पिता अनिल यादव ने उसे देख लिया। अनिल पहले से सतर्क थे और उन्होंने तुरंत अपने लाइसेंसी हथियार से फायर कर दिया। गोली सीधे लवकुश को लगी और वह वहीं ढेर हो गया।

पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार

गोलियों की आवाज सुनकर ग्रामीण मौके पर जमा हो गए। सूचना मिलते ही चौबिया थाने के प्रभारी विपिन कुमार मलिक पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और आरोपी अनिल यादव को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके पास से वारदात में इस्तेमाल किया गया अवैध हथियार भी जब्त किया है।

मृतक के बहनोई की तहरीर पर केस दर्ज

मृतक के बहनोई राजेश पाल ने थाने में शिकायत दर्ज कराई है। राजेश ने बताया कि लवकुश रात करीब साढ़े सात बजे खाना खाकर दूसरे कमरे में सोने गया था। रात करीब पौने 11 बजे गोली चलने की आवाज आई, तब जाकर घटना का पता चला। पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

गांव में फैला सन्नाटा

घटना के बाद खेड़ा हेलू गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है। ग्रामीण इस सनसनीखेज हत्याकांड से सहमे हुए हैं और कोई भी घटना पर खुलकर बोलने को तैयार नहीं है। पुलिस का कहना है कि मामले की बारीकी से जांच की जा रही है और दोषी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

आज का राशिफल 30 अप्रैल 2025

29 September Panchang: आज तृतीया तिथि और भरणी नक्षत्र, जानें शुभ-अशुभ मुहूर्त

29 September Panchang: 29 सितंबर 2026, मंगलवार को हिंदू पंचांग के अनुसार…

Pansemal Talent Award: विधायक श्याम बरडे ने 122 मेधावी विद्यार्थियों को किया सम्मानित

Pansemal Talent Award: मध्य प्रदेश के बड़वानी जिले के पानसेमल विधानसभा क्षेत्र…