“सरेंडर कर दो बेटा…” मुठभेड़ से पहले मां की गुहार, फिर वीडियो कॉल पर ही हुआ अंतिम संवाद

- Advertisement -
Swadesh NewsAd image

BY: Yoganand Shrivastva

जम्मू-कश्मीर के पुलवामा जिले के त्राल क्षेत्र से एक मार्मिक वीडियो सामने आया है, जिसमें एक आतंकवादी अपनी मां से आखिरी बार वीडियो कॉल पर बात करता दिखाई दे रहा है। मुठभेड़ में मारे गए इस आतंकवादी की पहचान आमिर नजीर वानी के रूप में हुई है, जो जैश-ए-मोहम्मद संगठन से जुड़ा हुआ था।

वीडियो में आमिर की मां उसे आत्मसमर्पण करने की भावुक अपील करती है। हाथ में एके-47 लिए आमिर अपनी मां से बात कर रहा होता है, लेकिन मां की विनती के बावजूद वह आत्मसमर्पण से इनकार कर देता है। उसने कहा, “सेना को आने दो, फिर देखता हूं।”

तीन आतंकियों की हुई थी घेराबंदी

सुरक्षा बलों को खुफिया जानकारी मिलने के बाद त्राल के नादिर गांव में सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया था। इस दौरान तीन आतंकियों को घेर लिया गया, जिनमें आमिर नजीर भी शामिल था। पुलिस और सेना की संयुक्त कार्रवाई में आतंकियों को आत्मसमर्पण का मौका दिया गया, लेकिन उन्होंने गोलीबारी शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में तीनों आतंकी मारे गए।

आतंक की राह छोड़ने की आखिरी कोशिश

सुरक्षा बलों ने परिवार की मदद से आमिर को सरेंडर करने के लिए मनाने का प्रयास किया। इस सिलसिले में उसकी मां से वीडियो कॉल करवाई गई, जिसमें वह अपने बेटे से कहती है: “बेटा, सरेंडर कर दो… जान बच जाएगी।” मगर आमिर ने आत्मसमर्पण करने से इनकार कर दिया और अंततः मुठभेड़ में मारा गया।

सुरक्षा एजेंसियों की अपील

इस घटना के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने एक बार फिर युवाओं से आतंक की राह छोड़ने की अपील की है और कहा है कि यदि कोई आतंकी सरेंडर करना चाहता है, तो उसे कानून के अनुसार पुनर्वास का अवसर दिया जाएगा।