एशियाई बाजारों में तेजी के बीच बेंचमार्क भारतीय इक्विटी इंडेक्स बीएसई सेंसेक्स और निफ्टी50 सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन शुक्रवार को मजबूती के साथ खुले। विशेषज्ञों का कहना है कि साल 2024 के अंत में किसी बड़े ट्रिगर्स के नहीं होने की वजह से स्टॉक मार्केट में बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है। तीस शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स शुक्रवार को 100 से ज्यादा अंकों की बढ़त लेकर 78,607.62 पर खुला। खुलते ही यह 300 अंक की बढ़त लेकर 78,783.96 तक पहुंच गया। सुबह 9:25 बजे सेंसेक्स 242.78 अंक की बढ़त के साथ 78,715.26 पर कारोबार कर रहा था। इसी तरह नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ़्टी-50 भी तेजी के साथ 23,801.40 अंक पर खुला। शुरुआत में यह 92.35 अंक की मजबूती लेकर 23,842.55 पर कारोबार कर रहा था। वहीं गुरुवार को प्रमुख बेंचमार्क मिलाजुला रहा, जिसमें बीएसई सेंसेक्स 78,472.48 पर सपाट बंद हुआ, जबकि निफ्टी 22 अंक बढ़कर 23,750.20 पर बंद हुआ। बेंचमार्क निफ्टी-50 पिछले सप्ताह 5 फीसदी गिरने के बाद इस सप्ताह अब तक 0.7 फीसदी चढ़ चुका है। विदेशी संस्थागत निवेशकों ने गुरुवार को लगातार आठवें सत्र में भारतीय शेयर बेचे और नेट आधार पर 23.77 अरब रुपये (278.83 मिलियन डॉलर) के शेयर बेचे। विश्लेषकों के अनुसार पिछले सप्ताह की गिरावट के बाद घरेलू शेयर राहत की सांस ले रहे हैं। बेंचमार्क निफ्टी 50 अपने 200-दिवसीय मूविंग एवरेज के समर्थन क्षेत्र के आसपास मंडरा रहा है। कॉनकॉर्ड एनवायरो सिस्टम्स आईपीओ, सनातन टेक्सटाइल्स आईपीओ, ममता मशीनरी आईपीओ, डीएएम कैपिटल एडवाइजर्स आईपीओ और ट्रांस रेल लाइटिंग आईपीओ आज एनएसई और बीएसई पर लिस्टेड होंगे।





