Report: Rinku suman
Sironj क्षेत्र में आगजनी की दो बड़ी वारदातें सामने आई हैं। पहली घटना में ग्राम इकोदिया में एक कृषक का घर और खेत आग की चपेट में आ गया, जिससे लाखों का माल जल गया। वहीं दूसरी घटना भूखरी के जंगलों की है, जहाँ आग बेकाबू होकर आबादी वाले क्षेत्र की ओर बढ़ने लगी थी।

Sironj किसान की मेहनत स्वाहा: इकोदिया में ₹5 लाख से अधिक की क्षति
ग्राम इकोदिया निवासी किसान सुरेंद्र रघुवंशी के लिए आज का दिन तबाही लेकर आया। उनके खेत और मकान में अचानक भड़की आग ने सब कुछ नष्ट कर दिया। इस अग्निकांड में किसान की साल भर की मेहनत से उपजा 40 बोरी गेहूँ और पशुओं के लिए रखा 5 ट्रॉली भूसा जलकर कोयला हो गया। साथ ही, सिंचाई के काम आने वाले 250 पाइप भी पिघल कर बर्बाद हो गए। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार, किसान को 5 लाख रुपये से ज्यादा का आर्थिक नुकसान हुआ है।

Sironj भूखरी के जंगल में अग्नितांडव: 5 हेक्टेयर वन क्षेत्र प्रभावित
दूसरी घटना मुगलसराय बीट के अंतर्गत आने वाले ग्राम भूखरी के जंगलों में हुई। यहाँ अज्ञात कारणों से लगी आग ने तेज हवाओं का साथ पाकर विकराल रूप धारण कर लिया। देखते ही देखते आग करीब 5 हेक्टेयर के विशाल भू-भाग में फैल गई। आग की लपटें इतनी ऊँची थीं कि वे जंगल की सीमा लांघकर गांव के रिहायशी मकानों के बिल्कुल करीब पहुँच गईं, जिससे ग्रामीणों में दहशत फैल गई।

Sironj वन अमले और ग्रामीणों ने बचाई बस्ती
जंगल की आग को गांव की ओर बढ़ता देख ग्रामीणों ने मोर्चा संभाला। तत्काल वन विभाग की टीम को सूचना दी गई। वन अमले और स्थानीय लोगों ने जान जोखिम में डालकर घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पाया। हालांकि, इस दौरान बड़ी संख्या में छोटे पेड़-पौधे और वन्य वनस्पति जलकर नष्ट हो गई, लेकिन समय रहते आग बुझ जाने से एक बड़ी जनहानि टल गई।





