BY: Yoganand shrivastva
भदोही, उत्तर प्रदेश: उत्तर प्रदेश के भदोही ज़िले के औराई थाना क्षेत्र से एक बेहद चौंकाने वाली घटना सामने आई है। यहां एक 70 वर्षीय व्यक्ति ने अपने ही बेटे की लाइसेंसी राइफल से गोली मारकर हत्या कर दी। इस दर्दनाक घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है।
पैसों के विवाद में उलझा था परिवार
पुलिस के अनुसार, घटना भदोही के चेरापुर गांव की है। आरोपी की पहचान कैलाश नाथ दुबे (उम्र 70 वर्ष) के रूप में हुई है। उनका बेटा तनंजय दुबे (उम्र 47 वर्ष) मुंबई में रहता था और हाल ही में एक पारिवारिक शादी में शामिल होने के लिए अपने गांव आया हुआ था।
मृतक के बेटे विशाल दुबे उर्फ राजा ने पुलिस को बताया कि उसके पिता और दादा के बीच पैसों को लेकर कहासुनी हो गई थी। बहस इतनी बढ़ गई कि कैलाश नाथ ने गुस्से में अपनी राइफल से दो गोलियां चलाईं। पहली गोली लक्ष्य से चूक गई, लेकिन दूसरी गोली तनंजय के सीने में जा लगी।
अस्पताल में तोड़ा दम
गोली लगने के बाद तनंजय को गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के तुरंत बाद पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायज़ा लिया।
हत्या का केस दर्ज, आरोपी गिरफ्तार
पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि मृतक के बेटे की शिकायत के आधार पर हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपी पिता को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया है और हथियार भी बरामद कर लिया गया है। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है और मामले की जांच जारी है।





