Satna Half Marathon 2026: पं. गणेश प्रसाद मिश्र सेवा न्यास द्वारा आयोजित Satna Half Marathon 2026 के सप्तम संस्करण को सफल और भव्य बनाने की तैयारियां तेज हो गई हैं। आगामी 25 अक्टूबर, रविवार को सतना में राष्ट्रीय स्तर की इस मैराथन का आयोजन किया जाएगा। आयोजन की व्यवस्थाओं, प्रचार-प्रसार, ऑनलाइन पंजीयन और प्रतिभागियों को उपलब्ध कराई जाने वाली सुविधाओं को लेकर सेवा न्यास कार्यालय में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता डॉ. राकेश मिश्र ने की।
Satna Half Marathon 2026 की तैयारियों को लेकर हुई बैठक
बैठक में आयोजन से जुड़ी विभिन्न व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। मैराथन के संयोजक रविशंकर द्विवेदी ने आयोजन से जुड़े अलग-अलग विभागों की जिम्मेदारियों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि इस बार मैराथन को अधिक से अधिक जनभागीदारी वाला आयोजन बनाने के लिए व्यापक स्तर पर प्रचार अभियान चलाया जाएगा। ऑनलाइन पंजीयन को गति देने के साथ ही आने वाले दिनों में गांव-गांव पहुंचकर लोगों और खिलाड़ियों को मैराथन से जोड़ा जाएगा।
आयोजन समिति की ओर से सतना शहर के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में भी मैराथन का संदेश पहुंचाने की तैयारी की गई है। इसके लिए दो प्रचार रथ लगातार भ्रमण कर रहे हैं। इन प्रचार रथों के जरिए गीत-संगीत और प्रचार संदेशों के माध्यम से लोगों से अधिक से अधिक संख्या में मैराथन में शामिल होने की अपील की जा रही है। समिति का लक्ष्य है कि सतना शहर के अलावा आसपास के ग्रामीण इलाकों से भी बड़ी संख्या में प्रतिभागी इस आयोजन का हिस्सा बनें।
Satna Half Marathon 2026 में अंतरराष्ट्रीय टाइमिंग सिस्टम और चार लाख से अधिक की पुरस्कार राशि
सतना हाफ मैराथन की प्रमुख विशेषताओं में आधुनिक टाइमिंग व्यवस्था को शामिल किया गया है। खिलाड़ियों के प्रदर्शन को दर्ज करने के लिए अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप बिब आधारित इलेक्ट्रॉनिक टाइमिंग सिस्टम का इस्तेमाल किया जाएगा। इसके जरिए प्रतिभागियों का समय सेकंड के सौवें भाग तक सटीक तरीके से दर्ज किया जा सकेगा और परिणाम उपलब्ध कराए जाएंगे।
आयोजकों के अनुसार मैराथन में शामिल होने वाले खिलाड़ियों को टी-शर्ट, एनर्जी ड्रिंक और अन्य आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी। अलग-अलग श्रेणियों में बेहतर प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को मेडल और प्रमाण-पत्र दिए जाएंगे। इसके अलावा विभिन्न वर्गों के विजेताओं और प्रतिभागियों के लिए चार लाख रुपये से अधिक की पुरस्कार एवं प्रोत्साहन राशि रखी गई है।
इस वर्ष Satna Half Marathon 2026 को श्रीमती शांति मिश्रा की जन्म शताब्दी को समर्पित किया गया है। आयोजन की खास पहल के तहत सभी महिला प्रतिभागियों के लिए पंजीयन निःशुल्क रखा गया है। इसके जरिए महिलाओं और युवतियों को खेल, स्वास्थ्य और फिटनेस के प्रति प्रोत्साहित करने का संदेश दिया जा रहा है।
मैराथन के सप्तम संस्करण में तीन अलग-अलग दौड़ आयोजित की जाएंगी। इनमें 21 किलोमीटर की हाफ मैराथन, 10 किलोमीटर की युवा दौड़ और 5 किलोमीटर की अमृत दौड़ शामिल है। विभिन्न आयु वर्ग के पुरुष और महिला प्रतिभागी इन दौड़ों में हिस्सा ले सकेंगे। सभी दौड़ शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय व्यंकट क्रमांक-1 के खेल मैदान से शुरू होकर इसी स्थान पर समाप्त होंगी।
आयोजन समिति ने खेलप्रेमियों, युवाओं, महिलाओं और आम नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में पंजीयन कराने की अपील की है। समिति का कहना है कि सामूहिक भागीदारी के जरिए 25 अक्टूबर को होने वाले सतना हाफ मैराथन को सफल बनाया जाएगा और देशभर में स्वस्थ एवं फिट सतना का संदेश पहुंचाया जाएगा।
पंजीयन एवं जानकारी: nyas.gpmsevanyas.org
बैठक में राजीव व्यास, अजय मिश्रा, के.डी. गौतम, बालकृष्ण शुक्ला बेटा भैया, कमलेश्वर अग्रवाल, डॉ. चंदा शर्मा, डॉ. महेंद्र सिंह, राजेश त्रिपाठी नीलू, विजय पटेल, श्रीमती शीलम सैनी, डॉ. श्रीमती रश्मि सैनी, डॉ. बिमल नामदेव, अनिल सैनी, शोभराज मिश्रा, अरुण पयासी, बलराम गुप्ता, हर्षिता मिश्रा, मंजू सिंह सहित आयोजन से जुड़े अनेक पदाधिकारी, खेलप्रेमी और कार्यकर्ता सक्रिय रूप से उपस्थित रहे।


