Report: Ram Yadav
Raisen जिला जेल में एक महिला कैदी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद शुक्रवार को शहर में जबरदस्त हंगामा खड़ा हो गया। जेल प्रबंधन द्वारा इसे आत्महत्या बताया जा रहा है, जबकि परिजनों ने जेल प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाते हुए सड़क पर उतरकर प्रदर्शन किया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।

Raisen जेल में फंदे से झूलती मिली महिला कैदी
प्राप्त जानकारी के अनुसार, जिला जेल में बंद एक महिला कैदी ने कथित तौर पर फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। जेल प्रबंधन का कहना है कि महिला ने बैरक के भीतर सुसाइड किया है। घटना की जानकारी मिलते ही जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया और शव को आनन-फानन में पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा गया।

Raisen परिजनों का आरोप: शरीर पर मिले चोट के निशान
घटना की सूचना मिलते ही मृतका के परिजन जिला अस्पताल पहुंचे और शव को देखते ही भड़क उठे। परिजनों का सीधा आरोप है कि महिला के शरीर पर कई जगह चोट के निशान हैं, जो हत्या की ओर इशारा करते हैं। उन्होंने जेल प्रबंधन की सुरक्षा व्यवस्था पर कड़े सवाल उठाते हुए पूछा कि कड़ी सुरक्षा और पहरे के बीच कोई कैदी फांसी कैसे लगा सकता है? परिजनों का दावा है कि यह आत्महत्या नहीं, बल्कि जेल के भीतर हुई कोई बड़ी साजिश है।

Raisen सड़क पर हंगामा और चक्काजाम
आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने जिला अस्पताल के सामने मुख्य सड़क पर चक्काजाम कर दिया, जिससे यातायात पूरी तरह ठप हो गया। प्रदर्शनकारी जेल प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए दोषियों पर तत्काल कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। हंगामे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों द्वारा परिजनों को निष्पक्ष जांच और वीडियोग्राफी के साथ पोस्टमार्टम कराने का आश्वासन दिया जा रहा है, लेकिन क्षेत्र में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है।





