कई क्लबों में मारी गई दबिश
रायपुर। राजधानी रायपुर में देर रात संचालित हो रही नशे की पार्टियों पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए शहर के कई बड़े होटल, क्लब, कैफे और बार में एक साथ दबिश दी। यह कार्रवाई रविवार देर रात एडिशनल एसपी और डीएसपी स्तर के अधिकारियों के नेतृत्व में की गई।
पुलिस की रेड VIP रोड स्थित हाइपर क्लब, IP क्लब, एल्सवेयर, कोपायको और ऑन द रॉक्स सहित शहर के करीब आधा दर्जन प्रतिष्ठानों में की गई। इन जगहों पर देर रात तक चल रही नशे की पार्टियों और नियमों की अनदेखी की शिकायतें लगातार मिल रही थीं।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने क्लब संचालकों को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि नियमों का उल्लंघन बंद नहीं किया गया तो उनके लाइसेंस निरस्त किए जा सकते हैं। कई स्थानों पर पुलिस को अनियमितता और नशे के सेवन के सबूत भी मिले हैं, जिसके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस की इस कार्रवाई से शहर के नाइटलाइफ से जुड़े व्यवसायों में हड़कंप मच गया है। प्रशासन ने स्पष्ट कर दिया है कि शहर में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए देर रात तक चलने वाली अवैध गतिविधियों पर सख्त नजर रखी जाएगी।
पुलिस ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि वे ऐसे किसी भी गतिविधि की जानकारी तत्काल नजदीकी थाने को दें, जिससे समय रहते आवश्यक कदम उठाए जा सकें।





