स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने के दिए निर्देश
रायपुर: छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने आज रायपुर स्थित दंत चिकित्सा महाविद्यालय का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने महाविद्यालय परिसर की व्यवस्थाओं और स्वास्थ्य सेवाओं का गहन निरीक्षण कर प्रबंधन और डॉक्टरों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान मंत्री जायसवाल ने अस्पताल में इलाज के लिए आए मरीजों और उनके परिजनों से संवाद किया, उनका हालचाल जाना और उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं की गुणवत्ता के बारे में जानकारी ली। उन्होंने मरीजों की समस्याओं को ध्यानपूर्वक सुना और उन्हें बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया।
मंत्री ने महाविद्यालय प्रबंधन को निर्देश दिए कि इलाज की प्रक्रिया को अधिक सुगम, पारदर्शी और मरीजों के अनुकूल बनाया जाए। उन्होंने कहा कि रायपुर की स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए सरकार कटिबद्ध है और जल्द ही और भी जरूरी संसाधन उपलब्ध कराए जाएंगे।
स्वास्थ्य मंत्री का यह दौरा मरीजों और स्वास्थ्यकर्मियों दोनों के लिए एक सकारात्मक संदेश लेकर आया है, जिससे उम्मीद की जा रही है कि राजधानी रायपुर की चिकित्सा सुविधाएं आने वाले दिनों में और बेहतर होंगी।





