BY- ISA AHMAD
रायपुर – जिले के गोबरा नवापारा थाना अंतर्गत ग्राम परसदा में आयोजित एक विवाह कार्यक्रम के बाद फूड पॉइजनिंग की गंभीर घटना सामने आई है, जिसमें 11 लोग बीमार हो गए हैं। सभी मरीज उल्टी और दस्त की शिकायत के चलते अस्पताल में भर्ती कराए गए हैं।
जानकारी के अनुसार, ये सभी लोग एक वैवाहिक समारोह में शामिल हुए थे, जहां भोजन करने के कुछ समय बाद ही उनकी तबीयत बिगड़ने लगी। सभी को गंभीर हालत में गोबरा नवापारा अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
चिकित्सकों के अनुसार, मरीजों की हालत फूड पॉइजनिंग के कारण हुई है, और प्राथमिक जांच में यह बात सामने आई है कि बासी भोजन के सेवन से यह स्थिति उत्पन्न हुई है। फिलहाल सभी मरीजों की स्थिति पर निगरानी रखी जा रही है।
इस घटना से गांव में हड़कंप मच गया है। स्थानीय प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर पहुंच कर जांच में जुट गई है। साथ ही, समारोह में परोसे गए भोजन के सैंपल लिए जा रहे हैं ताकि वास्तविक कारण की पुष्टि की जा सके।
गांववासियों ने प्रशासन से अपील की है कि भविष्य में ऐसी घटनाएं न हों, इसके लिए सख्त निगरानी व्यवस्था बनाई जाए।





