आरोपी के पास से भारी मात्रा में अवैध हथियार बरामद
प्रयागराज, 7 अप्रैल:
प्रयागराज पुलिस को अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है। एस.ओ.जी (स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप) और नैनी थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने तीन अंतरजनपदीय असलहा तस्करों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के पास से भारी मात्रा में अवैध हथियार बरामद किए गए हैं।
भारी मात्रा में हथियार बरामद
पुलिस की टीम ने आरोपियों के पास से 10 अवैध पिस्टल, 4 देशी तमंचे, 8 खाली मैगजीन और 700 रुपये नकद बरामद किए हैं। यह गिरोह प्रयागराज सहित आस-पास के जिलों में असलहों की तस्करी कर रहा था।
डीसीपी यमुनानगर ने दी प्रेस वार्ता में जानकारी
इस कार्रवाई की जानकारी डीसीपी यमुनानगर विवेक चंद्र यादव ने प्रेस वार्ता कर साझा की। उन्होंने बताया कि यह कार्रवाई एसीपी करछना वरुण कुमार के नेतृत्व में की गई, जिसमें एसओजी और नैनी थाना पुलिस की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
बड़े नेटवर्क की आशंका, जांच जारी
पुलिस को आशंका है कि गिरफ्तार आरोपियों के पीछे एक बड़ा हथियार तस्करी नेटवर्क काम कर रहा है। पुलिस अब इनके संपर्कों और अन्य सहयोगियों की भी तलाश में जुट गई है।
डीसीपी यादव ने कहा कि प्रयागराज में अवैध हथियारों की सप्लाई किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी और इस गिरोह से जुड़े हर व्यक्ति के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इस सफलता को प्रयागराज पुलिस की एक और बड़ी उपलब्धि के तौर पर देखा जा रहा है, जिससे अपराध पर अंकुश लगाने में मदद मिलेगी।





