BY: Yoganand Shrivastva
उत्तर प्रदेश: कौशाम्बी जिले में एक नवविवाहिता ने शादी के केवल आठ दिन बाद अपनी जान दे दी। उसका क्षत-विक्षत शव सोमवार सुबह रेलवे ट्रैक पर मिला, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार, मृतका की पहचान रिंकी देवी के रूप में हुई है। उसकी शादी 2 नवंबर को चरवा कोतवाली क्षेत्र के सीरियावां कला गांव निवासी देशराज से हुई थी। शादी के बाद वह मायके आई हुई थी। रविवार शाम अचानक वह घर से लापता हो गई थी, और अगले दिन उसका शव मरधरा मानव रहित रेलवे फाटक के पास ट्रैक पर मिला।
स्थानीय लोगों ने शव देखकर पुलिस को सूचना दी। कुछ ही देर में भीड़ इकट्ठा हो गई। परिजनों के पहुंचने पर माहौल गमगीन हो गया। पुलिस ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का लग रहा है, हालांकि सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है।
परिजनों ने बताया कि यह विवाह लड़की की रजामंदी के बिना कराया गया था। रिंकी इस रिश्ते से खुश नहीं थी, क्योंकि कथित तौर पर उसे दूल्हे के रंग को लेकर आपत्ति थी। परिजन मानते हैं कि यही बात उसके मानसिक तनाव का कारण बनी।फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं, मायके और ससुराल दोनों पक्षों में घटना के बाद कोहराम मचा हुआ है।





