MP Independence Day : मध्य प्रदेश में देश का 80वां स्वतंत्रता दिवस पूरे उत्साह, उमंग और देशभक्ति के माहौल में मनाया गया। प्रदेश के अलग-अलग जिलों में मुख्य समारोह आयोजित किए गए, जहां जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली। स्कूली विद्यार्थियों ने देशभक्ति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुतियां देकर समारोह में रंग भर दिया। स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों, शहीदों के परिजनों और उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया गया।

MP Independence Day : उज्जैन में दशहरा मैदान पर मुख्य समारोह
उज्जैन में स्वतंत्रता दिवस का पर्व पूरे उत्साह और उमंग के साथ मनाया गया। शहर के अलग-अलग स्थानों पर देश की आन, बान और शान के प्रतीक तिरंगे का ध्वजारोहण किया गया।मुख्य समारोह दशहरा मैदान में आयोजित हुआ। यहां जिले के प्रभारी मंत्री गौतम टेटवाल ने ध्वजारोहण किया। इसके बाद परेड ने मुख्य अतिथि को सलामी दी। समारोह में स्कूली विद्यार्थियों ने देशभक्ति और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं, जिन्हें दर्शकों ने खूब सराहा।
लोकेशन: उज्जैन, मध्य प्रदेश
संवाददाता: विशाल दुबे
MP Independence Day : छिंदवाड़ा में पुलिस परेड ग्राउंड पर हुआ समारोह
छिंदवाड़ा में देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर पुलिस परेड ग्राउंड में जिला स्तरीय मुख्य समारोह गरिमामय माहौल में आयोजित किया गया। समारोह में प्रदेश के परिवहन एवं स्कूल शिक्षा मंत्री उदय प्रताप सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।उन्होंने विधिवत ध्वजारोहण कर राष्ट्रध्वज को सलामी दी। इसके बाद राष्ट्रगान के साथ पूरा परिसर देशभक्ति के रंग में रंग गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में अधिकारी, जनप्रतिनिधि और नागरिक मौजूद रहे।
लोकेशन: छिंदवाड़ा
जिला ब्यूरो: राकेश चांदवंशी
MP Independence Day : बड़वाह में सार्वजनिक झंडा वंदन और प्रतिभाओं का सम्मान
बड़वाह में स्वतंत्रता दिवस पर नगर पालिका परिसर में 80वां सार्वजनिक झंडा वंदन समारोह धूमधाम से मनाया गया। नगर और ग्रामीण क्षेत्रों के शासकीय एवं अशासकीय स्कूलों में भी सुबह 8 बजे ध्वजारोहण किया गया।सार्वजनिक झंडा वंदन कार्यक्रम सुबह 9 बजे जनपद पंचायत अध्यक्ष प्रेमलता दिनेश साद ने किया। इस दौरान नपाध्यक्ष राकेश गुप्ता, उपाध्यक्ष राजेश जायसवाल, भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष अंकित गुप्ता, महामंत्री महेंद्र अमई, एसडीएम सत्यनारायण दर्रे, सीईओ मुकेश जैन, सीएमओ कुलदीप किशुक सहित पार्षद, एल्डरमेन और बड़ी संख्या में विद्यार्थी मौजूद रहे।स्कूली बच्चों ने देशभक्ति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। समारोह में विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं और मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया।
लोकेशन: बड़वाह
संवाददाता: विशाल

MP Independence Day : जबलपुर हाईकोर्ट में एक्टिंग चीफ जस्टिस ने फहराया तिरंगा
देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर मध्य प्रदेश हाईकोर्ट परिसर में भी गरिमापूर्ण समारोह आयोजित किया गया। कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश विवेक रूसिया ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और तिरंगे को सलामी दी।इस अवसर पर उन्होंने न्यायिक अधिकारियों, अधिवक्ताओं और कर्मचारियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने राष्ट्र निर्माण में न्यायपालिका की महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित किया। ध्वजारोहण के बाद पूरा परिसर भारत माता की जय के नारों से गूंज उठा।
लोकेशन: जबलपुर
MP Independence Day : माचलपुर में भारत माता की आरती और मशाल यात्रा
राजगढ़ जिले के माचलपुर में अखंड भारत संकल्प दिवस के अवसर पर बजरंग दल और विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ताओं ने भारत माता की आरती और मशाल यात्रा का आयोजन किया।कार्यक्रम की शुरुआत सराफ मैरिज गार्डन में भारत माता की आरती के साथ हुई। इसके बाद कार्यकर्ता हाथों में मशाल और भगवा ध्वज लेकर जुलूस में शामिल हुए। मशाल यात्रा सराफ मैरिज गार्डन से शुरू होकर बस स्टैंड सहित नगर के प्रमुख मार्गों से गुजरी और वापस सराफ मैरिज गार्डन पहुंचकर संपन्न हुई।पूरे मार्ग में भारत माता के जयकारे गूंजते रहे। ढोल-नगाड़ों और लहराते भगवा ध्वजों के बीच कार्यकर्ताओं में उत्साह नजर आया। आयोजकों ने यात्रा के माध्यम से देश की एकता और अखंडता का संदेश देने की बात कही।
लोकेशन: माचलपुर
संवाददाता: प्रदीप बंसल
MP Independence Day : गुना में शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों के परिजनों का सम्मान
गुना में 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास और गरिमामय माहौल में मनाया गया। लाल परेड ग्राउंड में आयोजित मुख्य समारोह में कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल ने ध्वजारोहण किया और संयुक्त परेड की सलामी ली।समारोह के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के राज्य स्तरीय संदेश का एलईडी स्क्रीन के माध्यम से सीधा प्रसारण किया गया। स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों, शहीदों के परिजनों और लोकतंत्र सेनानियों को सम्मानित किया गया।खराब मौसम के कारण सांस्कृतिक कार्यक्रम और पुरस्कार वितरण कार्यक्रम स्थगित कर दिए गए। समारोह में जिले की विकास यात्रा से जुड़ी विकास पुस्तक का वितरण भी किया गया।कार्यक्रम के बाद कलेक्टर और विधायक पन्नालाल शाक्य ने शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कैंट में छात्राओं के साथ मध्यान्ह भोजन किया। समारोह में पुलिस अधीक्षक हितिका वासल सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और नागरिक उपस्थित रहे।
लोकेशन: गुना
MP Independence Day : बड़वानी में कलेक्टर ने किया ध्वजारोहण
बड़वानी जिला मुख्यालय स्थित पीएमश्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस शहीद भीमा नायक शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय परिसर में 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह उत्साह और गरिमा के साथ मनाया गया।मुख्य अतिथि कलेक्टर जयति सिंह ने ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली। इस दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के स्वतंत्रता दिवस संदेश का सजीव प्रसारण भी किया गया।समारोह में पुलिस, सशस्त्र बल, वन विभाग, होमगार्ड, एनसीसी, स्काउट-गाइड और शौर्य दल ने मार्च पास्ट प्रस्तुत किया। विद्यार्थियों ने देशभक्ति से जुड़ी पीटी और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं।मार्च पास्ट और सांस्कृतिक कार्यक्रमों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले दलों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। पूरे समारोह के दौरान परिसर में देशभक्ति और उत्साह का माहौल बना रहा।
लोकेशन: बड़वानी
संवाददाता: जिला ब्यूरो
read more : ndependence Day Songs : स्वतंत्रता दिवस पर गूंजे ये देशभक्ति के गीत, जानिए इनसे जुड़ी अनसुनी कहानियां

