नीमच: सरपंच के घर के सामने शव जलाने की कोशिश, ग्रामीणों और सरपंच पक्ष में हुआ विवाद, पुलिस ने संभाला मामला

- Advertisement -
Swadesh NewsAd image

नीमच जिले के कुकड़ेश्वर थाना क्षेत्र के ग्राम सांकरियाखेड़ी में गुरुवार सुबह तनावपूर्ण स्थिति बन गई, जब गांव के लोगों ने सरपंच के घर के सामने ही शव जलाने की कोशिश की। मामला सरपंच मनोहर राठौर के ट्रैक्टर से हुए हादसे का था, जिसमें गांव के मानसिंह पिता गोरा बंजारा (50) की जान चली गई

कैसे भड़का विवाद?

घटना बुधवार रात की थी, जब सरपंच मनोहर राठौर के ट्रैक्टर की चपेट में आने से मानसिंह की मौत हो गई। हादसे के बाद ग्रामीणों और मृतक के परिजनों में भारी आक्रोश फैल गया। उन्होंने सरपंच को दोषी मानते हुए उनके घर के सामने ही अंतिम संस्कार करने का फैसला कर लिया।

गुरुवार सुबह जब परिजन और ग्रामीण लकड़ियां डालकर शव जलाने की तैयारी करने लगे, तो सरपंच पक्ष ने इसका विरोध किया। देखते ही देखते दोनों पक्षों में विवाद बढ़ गया और पत्थरबाजी शुरू हो गई। पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गई।

पुलिस ने संभाली स्थिति

स्थिति बिगड़ती देख ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। कुकड़ेश्वर थाना प्रभारी सौरभ शर्मा अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और आक्रोशित लोगों को शांत करने की कोशिश की। लेकिन करीब एक घंटे तक हंगामा और विरोध प्रदर्शन जारी रहा

पुलिस और प्रशासन की समझाइश के बाद मृतक के परिजन शांत हुए। टीआई ने दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद मामला शांत हुआ और शव को श्मशान घाट ले जाकर अंतिम संस्कार किया गया

गांव में फिलहाल स्थिति सामान्य

मनासा एसडीएम पवन बारिया ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच बातचीत के बाद स्थिति नियंत्रण में है। सरपंच के घर के सामने अंतिम संस्कार के लिए डाली गई लकड़ियां हटा ली गई हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।

ये भी पढ़िए: उज्जैन फोरलेन पर भीषण सड़क हादसा, 4 की मौत, कार चकनाचूर