Women Reservation : मोदी का संकल्प, नारी शक्ति से किया वादा, होगा पूरा, DMK, NCP (SP) के समर्थन से बदला सियासी गणित !
रिपोर्ट- प्रमोद श्रीवास्तव
Women Reservation : नई दिल्ली, महिला आरक्षण… देश की आधी आबादी को संसद और विधानसभाओं में 33 फीसदी भागीदारी देने का संकल्प… लेकिन इस संकल्प को जमीन पर उतारने की कोशिश ने एक बार फिर सियासत गरमा दी है। महिला आरक्षण के साथ परिसीमन को जोड़ने पर सरकार और विपक्ष आमने-सामने हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने साफ कर दिया है कि नारी शक्ति से किया गया वादा हर हाल में पूरा होगा और रास्ते की हर बाधा दूर की जाएगी। दूसरी तरफ कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की अगुवाई में विपक्षी दलों ने इस प्रस्ताव के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।
Women Reservation : महिला आरक्षण के साथ परिसीमन को जोड़ना जरूरी ?
लेकिन इस सियासी लड़ाई में विपक्षी एकजुटता को झटका भी लगा है। DMK, NCP (शरद पवार) और YSRCP जैसे दलों के समर्थन की खबरों ने संसद का नंबर गेम दिलचस्प बना दिया है। दरअसल महिला आरक्षण पर संकल्प किसी एक दल का नहीं, बल्कि देश की आधी आबादी के प्रतिनिधित्व का सवाल है। लेकिन इस प्रतिनिधित्व तक पहुंचने का रास्ता क्या होगा, परिसीमन किस आधार पर होगा और राज्यों के बीच संतुलन कैसे कायम रहेगा… यही सवाल संसद के भीतर और बाहर सियासी बहस का केंद्र बने हुए हैं। 30 नवंबर से शुरू होने वाला विशेष सत्र इन सवालों पर देश की राजनीति की दिशा तय करने वाला अहम पड़ाव होगा।लेकिन सवाल है… क्या महिला आरक्षण का रास्ता खुलेगा या परिसीमन की लड़ाई में उलझ जाएगा, महिलाओं के राजनीतिक प्रतिनिधित्व का सवाल ?
Women Reservation : 30 नवंबर से संसद के विशेष सत्र पर रहेगी देश की नजर
महिला आरक्षण… संसद में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने का वादा… और अब इसे पूरा करने के लिए सरकार का नंबर गेम! महिला आरक्षण और परिसीमन से जुड़े विधेयकों पर सरकार समर्थन जुटाने में लगी है… दावा है कि कई दलों का साथ मिल रहा है… DMK, NCP, BRS समेत कुछ दलों ने समर्थन का संकेत दिया है… स्टालिन, शरद पवार और जगनमोहन रेड्डी की पार्टियों के 34 सांसदों के समर्थन की चर्चा है।इस सियासी घमासान के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महिला आरक्षण को लेकर अपना संकल्प दोहराया है।
उनका कहना है कि नारी शक्ति से किया गया वादा पूरा होकर रहेगा और इसके रास्ते में आने वाली हर बाधा दूर की जाएगी। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार महिला आरक्षण को लागू करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। मोदी ने एक्स पर पोस्ट कर कहा कि महिलाओं को राजनीति में ज्यादा भागीदारी देने की लड़ाई कई दशकों से चल रही है। उन्होंने कहा कि कई महिलाओं ने पत्र लिखकर और व्यक्तिगत मुलाकातों के दौरान भी उनके सामने यह मुद्दा उठाया है।
वहीं विपक्ष की एकजुटता के बीच कुछ क्षेत्रीय दलों के रुख ने सियासी गणित बदल दिया है। DMK ने समर्थन का फैसला किया है, NCP (शरदचंद्र पवार) ने भी संशोधित प्रस्ताव के समर्थन की बात कही है। YSRCP के समर्थन को भी अहम माना जा रहा है। इन तीनों दलों के लोकसभा में कुल 34 सांसद हैं। इसके अलावा BRS ने राज्यसभा में अपने तीन सांसदों के समर्थन की घोषणा की है। लेकिन विपक्ष को इस पूरी प्रक्रिया पर ऐतराज है। जिसे लेकर INDIA गठबंधन के नेताओं ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के आवास पर बैठक की।
खड़गे ने साफ कहा है कि कांग्रेस इस बिल का विरोध करेगी। आरोप लगाया कि महिला आरक्षण की आड़ में परिसीमन के जरिए राजनीतिक और क्षेत्रीय संतुलन प्रभावित किया जा सकता है। विपक्ष चाहता है कि मौजूदा लोकसभा सीटों के भीतर ही 33 फीसदी आरक्षण लागू किया जाए।मल्लिकार्जुन खड़गे ने शनिवार को कहा कि परिसीमन लोकतंत्र के लिए खतरा है। भाजपा पूरी सत्ता हाथ में लेने की कोशिश कर रही है। यह हमें स्वीकार नहीं है।तो वहीं राहुल गांधी ने इसे सरकार की तानाशाही बताया। कहा कि ये बिल लोकतंत्र को खत्म कर देगा।
बहरहाल अब महिला आरक्षण के मुद्दे पर संसद में सियासी टकराव, लेकिन बहस का केंद्र सिर्फ महिलाओं को प्रतिनिधित्व देने तक सीमित नहीं है। परिसीमन, लोकसभा सीटों की संख्या और राज्यों के राजनीतिक प्रतिनिधित्व को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। सरकार अपने संकल्प पर आगे बढ़ने की बात कर रही है, जबकि विपक्ष प्रक्रिया और मंशा पर सवाल उठा रहा है।
इसी बीच कुछ दलों के समर्थन ने विपक्षी एकजुटता की तस्वीर को भी जटिल बना दिया है। यानी एक तरफ कांग्रेस के नेतृत्व में विपक्षी दलों का विरोध, तो दूसरी तरफ विपक्षी खेमे के कुछ दलों का सरकार के प्रस्ताव के साथ खड़ा होना। अब संसद के विशेष सत्र में यह देखना अहम होगा कि सरकार जरूरी बहुमत जुटा पाती है या नहीं और महिला आरक्षण का रास्ता किस रूप में आगे बढ़ता है। लेकिन सवाल ये है कि क्या महिला आरक्षण के नाम पर परिसीमन की राह भी मोदी सरकार के लिये आसान हो रही है?
Women Reservation : महिला आरक्षण पर सरकार का संकल्प
• संसद और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं को 33 फीसदी आरक्षण देने की तैयारी।
• प्रधानमंत्री मोदी का संदेश- नारी शक्ति से किया वादा हर हाल में निभाएंगे।
• सरकार का दावा, महिला भागीदारी बढ़ाने के रास्ते की हर बाधा दूर होगी।
Women Reservation : महिला आरक्षण के साथ परिसीमन क्यों?
• परिसीमन यानी लोकसभा और विधानसभा क्षेत्रों की सीमाओं का नए सिरे से निर्धारण।
• सरकार का प्रस्ताव परिसीमन के जरिए महिला आरक्षण को जल्द लागू करने का रास्ता तैयार करना है।
• नए प्रस्ताव में लोकसभा सीटों की संख्या में 50 फीसदी तक बढ़ोतरी का प्रावधान।
Women Reservation : लोकसभा की ताकत बढ़ाने की तैयारी
• लोकसभा की अधिकतम सदस्य संख्या 850 तक करने का प्रस्ताव।
• राज्यों के लिए अधिकतम 815 और केंद्र शासित प्रदेशों के लिए 35 सीटों का प्रावधान।
• विधानसभा सीटों की अधिकतम सीमा भी 500 से बढ़ाकर 650 करने का प्रस्ताव।
Women Reservation : 2051 तक सीटों का गणित
• प्रस्ताव में परिसीमन के बाद सीटों के आवंटन और निर्वाचन क्षेत्रों की व्यवस्था को 2051 तक स्थिर रखने की बात।
• सरकार की कोशिश राज्यों की सीटों में अनुपातिक नुकसान की आशंकाओं को दूर करने की।
• लेकिन राज्यों के प्रतिनिधित्व और संघीय संतुलन पर बहस जारी।
Women Reservation : विपक्ष का विरोध, सरकार की मंशा पर सवाल
• कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने प्रस्तावित परिसीमन पर आपत्ति जताई।
• विपक्ष की मांग- मौजूदा लोकसभा की सीटों के भीतर ही महिला आरक्षण लागू हो।
• राज्यों के बीच सीटों का मौजूदा अनुपात अगले 25 साल तक बरकरार रखा जाए।
• विपक्ष को आशंका है कि परिसीमन से राजनीतिक और क्षेत्रीय संतुलन प्रभावित हो सकता है।
Women Reservation : विपक्षी बैठक में एकजुटता का दावा
• खरगे के आवास पर विपक्षी दलों की बैठक।
• राहुल गांधी समेत कई विपक्षी नेताओं ने रणनीति पर चर्चा की।
• INDIA गठबंधन ने संसद में विधेयक का संयुक्त विरोध करने का फैसला किया।
• SC-ST प्रतिनिधित्व और परिसीमन की प्रक्रिया को लेकर सवाल उठाए।
Women Reservation : विपक्षी खेमे में समर्थन की दरार
• DMK ने प्रस्तावित विधेयकों के समर्थन का फैसला किया।
• NCP (शरदचंद्र पवार) ने संशोधित प्रस्ताव के समर्थन का ऐलान किया।
• YSRCP के चार सांसदों के समर्थन की भी खबर।
• तीनों दलों के लोकसभा सांसदों की संभावित संख्या 34।
• BRS ने भी राज्यसभा में अपने तीन सांसदों के समर्थन की बात कही है।
Women Reservation : सरकार के लिए नंबर गेम की चुनौती
• संविधान संशोधन विधेयक को दोनों सदनों में विशेष बहुमत चाहिए।
• लोकसभा में मौजूद और मतदान करने वाले सदस्यों के दो-तिहाई समर्थन की जरूरत।
• सरकार को NDA से बाहर के दलों का समर्थन जुटाना पड़ रहा है।
• अप्रैल में पिछला विधेयक लोकसभा में जरूरी बहुमत नहीं जुटा पाया था।
Women Reservation : महिला आरक्षण या परिसीमन, असली बहस क्या?
• सरकार का तर्क- महिलाओं को राजनीतिक भागीदारी देने का रास्ता तेज करना।
• विपक्ष का सवाल- महिला आरक्षण के लिए परिसीमन को अनिवार्य क्यों बनाया जा रहा है?
• दक्षिणी राज्यों की चिंता- जनसंख्या आधारित परिसीमन से प्रतिनिधित्व का संतुलन बदल सकता है।
• महिला सशक्तिकरण के साथ संघीय ढांचे की सुरक्षा भी बहस का अहम मुद्दा।
Women Reservation : 30 नवंबर से संसद में निर्णायक बहस
• संसद का विशेष सत्र 30 नवंबर से शुरू होना है।
• महिला आरक्षण और परिसीमन से जुड़े विधेयक होंगे चर्चा के केंद्र में।
• सरकार के संकल्प, विपक्ष की आपत्तियों और क्षेत्रीय दलों की भूमिका पर नजर।
• अब निगाहें संसद के नंबर गेम और राजनीतिक दलों के अंतिम रुख पर।
ये भी जानो : UP Muslim Vote : मुस्लिमों को पैगाम, मुस्लिम वोट का ‘त्रिकोणीय संग्राम’, UP के चुनाव में मुस्लिम नेतृत्व कौन ?


