Nawada Shooting Murder: नवादा जिले के नक्सल प्रभावित कौआकोल थाना क्षेत्र में एक युवक की गोली मारकर हत्या से इलाके में सनसनी फैल गई है। यह दिल दहला देने वाली घटना गांधीधाम (कपसिया) पुल के पास हुई, जहां अपराधियों ने लूटपाट के दौरान युवक को निशाना बनाया। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में भय का माहौल है।
Nawada Shooting Murder: लूटपाट के दौरान चली गोली
मिली जानकारी के अनुसार, कौआकोल निवासी शंकर साव रोज की तरह कपसिया गांव स्थित अपनी किराना दुकान बंद कर रात करीब आठ बजे घर लौट रहे थे। इसी दौरान कपसिया पुल के पास पहले से घात लगाए चार से पांच लुटेरों ने उन्हें घेर लिया और लूटपाट की कोशिश शुरू कर दी। विरोध करने पर लुटेरों ने उनके साथ मारपीट की।
Nawada Shooting Murder: मदद को दौड़े युवक, झड़प में गई जान

शंकर साव की चीख-पुकार सुनकर पास के जोगाचक गांव में सरस्वती पूजा के लिए पंडाल निर्माण में जुटे करीब दस युवक मदद के लिए मौके पर पहुंचे। उन्होंने देखा कि लुटेरे दुकानदार के साथ मारपीट कर रहे हैं। युवकों ने जब शंकर साव को बचाने की कोशिश की तो अपराधियों से उनकी झड़प हो गई। इसी दौरान एक बदमाश ने हथियार निकालकर गोली चला दी, जो जोगाचक गांव निवासी विनोद यादव के 25 वर्षीय पुत्र अजीत यादव को जा लगी। गोली लगते ही अजीत जमीन पर गिर पड़ा और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
घटना के बाद फरार हुए अपराधी
गोली चलने के बाद सभी लुटेरे मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। इलाके की घेराबंदी कर अपराधियों की तलाश की जा रही है।
Nawada Shooting Murder: परिजनों का आक्रोश, शव उठाने से इनकार
युवक की हत्या के बाद परिजनों में भारी आक्रोश है। गुस्साए परिजनों ने फिलहाल शव उठाने से इनकार कर दिया है। उनका रो-रोकर बुरा हाल है और वे अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।
इलाके में दहशत, पुलिस जांच में जुटी
नक्सल प्रभावित क्षेत्र में हुई इस वारदात के बाद स्थानीय लोगों में डर का माहौल है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
Read also: Filariasis Awareness Rally: फाइलेरिया जागरूकता रैली से समाज को किया गया सचेत





