,

मुजफ्फरनगर में दीपावली पर पटाखों पर पूरी तरह प्रतिबंध, एक करोड़ के अवैध पटाखे जब्त

मुजफ्फरनगर में दीपावली पर पटाखों पर पूरी तरह प्रतिबंध, एक करोड़ के अवैध पटाखे जब्त

Reporter: Anuj Saini, Edit By: Mohit Jain

इस बार दीपावली का त्यौहार मुजफ्फरनगर में बिना पटाखों के मनाया जाएगा। जिला प्रशासन ने यहां पटाखों की बिक्री, खरीद और भंडारण पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया है। कारण यह है कि मुजफ्फरनगर राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) का हिस्सा है, जहां सुप्रीम कोर्ट के आदेश के अनुसार वायु प्रदूषण को रोकने के लिए हर प्रकार के पटाखों पर रोक है।

पुलिस की कार्रवाई: करोड़ों के पटाखे जब्त

प्रतिबंध के बाद पुलिस अब लगातार एक्शन मोड में है। सोमवार शाम पुलिस ने जिले में सात दुकानों पर ताले तोड़कर छापेमारी की और लगभग एक करोड़ रुपए के अवैध पटाखे जब्त किए। इसके बाद पुलिस ग्रामीण इलाकों में भी सक्रिय हो गई है लोगों से अपील कर रही है कि कोई भी व्यक्ति पटाखों का स्टॉक न रखे और न ही बिक्री करे।

एसएसपी की अपील: अवैध गतिविधियों से दूर रहें

मुजफ्फरनगर के एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने कहा:

जनपद एनसीआर क्षेत्र में आता है, इसलिए माननीय उच्चतम न्यायालय के निर्देशों के तहत कोई भी व्यक्ति पटाखे न बेचे, न खरीदे, न भंडारण करे और न ही उत्पादन करे। यदि कोई ऐसा करता पाया गया तो उसके खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने आगे कहा कि पुलिस और प्रशासन के माध्यम से लगातार मीडिया और जनजागरण अभियान चलाया जा रहा है ताकि लोग किसी अवैध कार्य में शामिल न हों।

लोगों से अपील: सुरक्षित और स्वच्छ दीपावली मनाएं

प्रशासन ने जिलेवासियों से आग्रह किया है कि वे इस बार दीपावली को पर्यावरण-मित्र और प्रदूषण-मुक्त तरीके से मनाएं, क्योंकि नियमों का उल्लंघन करने पर मुकदमा और जुर्माना दोनों लग सकते हैं।