चंद सेकंड में बुलेट बाइक उड़ाई, वारदात CCTV में कैद
मुज़फ्फरनगर, 7 अप्रैल:
शहर में वाहन चोरों का दुस्साहस लगातार बढ़ता जा रहा है। थाना सिविल लाइन क्षेत्र के स्वरूप स्क्वायर में एक बुलेट बाइक चोरी की सनसनीखेज घटना सामने आई है। चोर ने महज 7 सेकंड में लॉक तोड़कर बाइक चुरा ली, और वारदात को अंजाम देने के बाद फरार हो गया।
इस घटना की पूरी वारदात मौके पर लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई है, जिसमें चोर बड़ी ही सफाई से बुलेट का लॉक तोड़ते और बाइक लेकर भागते हुए दिखाई दे रहा है।
पीड़ित ने पुलिस से लगाई न्याय की गुहार
बाइक मालिक ने थाना सिविल लाइन में तहरीर देकर कार्यवाही की मांग की है। पीड़ित का कहना है कि उसकी बाइक कुछ ही देर के लिए खड़ी थी और इतनी जल्दी चोरी होना पुलिस गश्त पर सवाल खड़े करता है।
इलाके में बढ़ती बाइक चोरी की घटनाएं
स्वरूप स्क्वायर सहित सिविल लाइन थाना क्षेत्र में हाल के दिनों में बाइक चोरी की घटनाएं तेजी से बढ़ी हैं। बावजूद इसके पुलिस अब तक इन वारदातों को रोकने या चोरों को पकड़ने में नाकाम रही है।
सवाल खड़े कर रही सुरक्षा व्यवस्था
सीसीटीवी फुटेज मिलने के बावजूद चोरों का खुलेआम वारदात को अंजाम देना दर्शाता है कि शहर में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं और सुरक्षा व्यवस्था कमजोर पड़ती नजर आ रही है।
अब देखना यह होगा कि पुलिस इस ताज़ा घटना में कितनी तेजी से कार्रवाई करती है और चोर को पकड़ने में कामयाब होती है या नहीं।





