BY
Yoganand Shrivastava
Murena news: जिले के पोरसा क्षेत्र में शुक्रवार रात 26 दिसंबर को भाजपा नेता दीपेंद्र भदौरिया ने कार से घर के बाहर अलाव ताप रहे पांच लोगों को रौंद दिया। हादसे में कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
दो घायलों की मौत
घायल रामदत्त राठौर (65) और अर्णव उर्फ अन्नू लक्षकार (11) को ग्वालियर रेफर किया गया था, जहां इलाज के दौरान दोनों की मौत हो गई। पोस्टमॉर्टम के बाद शनिवार को दोनों शव पोरसा लाए जाएंगे और अंतिम संस्कार किया जाएगा।
हाईवे पर चक्काजाम
घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने शनिवार दोपहर राष्ट्रीय राजमार्ग 552 पर चक्काजाम कर दिया। करीब 500 से अधिक लोग सड़क पर बैठ गए, जिससे दोनों ओर लंबा जाम लग गया।
पुलिस और परिजनों में तीखी नोकझोंक
मौके पर एसडीओपी रवि भदौरिया, एसडीएम रामनिवास सिकरवार और अंबाह थाना प्रभारी सत्येंद्र कुशवाह पुलिस बल के साथ पहुंचे। समझाइश के दौरान स्थिति तनावपूर्ण हो गई और मृतकों के परिजनों की एक महिला ने पोरसा थाना प्रभारी दिनेश कुशवाह की कॉलर पकड़ ली।
पांच घंटे बाद जाम खुला
करीब पांच घंटे की मशक्कत के बाद प्रशासन ने आरोपी पर हत्या का मामला दर्ज करने, उसके घर पर बुलडोजर कार्रवाई, मृतकों के परिजनों को शस्त्र लाइसेंस और दोनों परिवारों को एक-एक सरकारी नौकरी देने का आश्वासन दिया। इसके बाद जाम हटाया गया।
आरोपी की गिरफ्तारी और फरारी
हादसे के बाद लोगों ने आरोपी को पकड़कर पीटा और पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस वाहन में उसे बोलेरो की डिग्गी में बैठाया गया था, लेकिन घायलों को उठाने के दौरान मौका पाकर वह फरार हो गया। इस पर लोगों ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए।
भाजपा की कार्रवाई
घटना के बाद भाजपा ने प्रेस नोट जारी कर दीपेंद्र भदौरिया को पार्टी से निष्कासित कर दिया।
घायलों का इलाज जारी
हादसे में घायल कमलेश राठौर, गिर्राज राठौर और अभिषेक तोमर का उपचार जारी है। इनमें से एक घायल प्रदर्शन स्थल पर भी पहुंचा था।





