रिपोर्ट : सुधेश पांडेय
मुंगेली जिले से इन दिनों एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इसमें जिले के पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल धार्मिक भजन के दौरान भक्तिभाव से झूमते और श्रद्धालुओं संग थिरकते नजर आ रहे हैं। माथे पर चंदन का टीका, पारंपरिक वेशभूषा और आस्था से भरे उनके चेहरे ने लोगों का दिल जीत लिया है।
श्रीमद् भागवत कथा का आयोजन
मुंगेली के पुलिस लाइन में शहीद एवं स्वर्गीय पुलिसकर्मियों की पावन स्मृति में श्रीमद् भागवत ज्ञान कथा का आयोजन किया जा रहा है। इसी कार्यक्रम में भजन संध्या का आयोजन हुआ, जहां एसपी पटेल सहित पुलिस परिवार और बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।
भजन पर झूमे एसपी पटेल
जब भजन “बांके बिहारी की देख जटा मेरो मन होय लटा पटा” की धुन गूंजी तो एसपी भोजराम पटेल भी श्रद्धालुओं के बीच भाव-विभोर होकर थिरक उठे। उनका यह दृश्य देख पूरा पंडाल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा और हर कोई इस पल का साक्षी बन गया।
लोगों ने बताया आस्था और प्रशासन का संगम
वहां मौजूद श्रद्धालुओं का कहना था कि जिले का सबसे बड़ा पुलिस अधिकारी जब आम भक्त की तरह भक्ति में शामिल होता है, तो यह सनातन संस्कृति और भारतीय परंपरा की असली झलक है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो पर सैकड़ों लोगों ने प्रतिक्रिया दी और लिखा—
- “ऐसे अधिकारी ही जनता और समाज के बीच भरोसे का पुल बनते हैं।”
- “वर्दी में रहकर भी इंसान का दिल भक्तिभाव से भरा हो सकता है, यही इसका सुंदर उदाहरण है।”





