संवाददाता- प्रताप सिंह बघेल
Morena । सरायछोला थाना क्षेत्र के केन्थरी गांव में रास्ते के मामूली विवाद ने एक परिवार का चिराग बुझा दिया। दो पक्षों के बीच हुई इस हिंसक झड़प में अंधाधुंध गोलीबारी हुई, जिसमें एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हैं। क्षेत्र में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
विवाद की पृष्ठभूमि और खूनी संघर्ष
Morena घटना की जड़ 11 फरवरी को हुई एक मामूली कहासुनी में छिपी है। जानकारी के अनुसार, अवतार गुर्जर और छोटू गुर्जर के बीच रास्ते से निकलने को लेकर बहस हुई थी, जिसे ग्रामीणों ने उस समय सुलझा लिया था। हालांकि, बीते शाम यह विवाद फिर से गहरा गया। देखते ही देखते दोनों पक्ष हथियारों के साथ आमने-सामने आ गए और गांव गोलियों की तड़तड़ाहट से दहल उठा। इस गोलीबारी में सत्यवीर गुर्जर के सिर में गोली लगने से उसकी दर्दनाक मौत हो गई।

घायलों की स्थिति और पुलिस की कार्रवाई
Morena दूसरी ओर से रामअवतार गुर्जर और देवेंद्र गुर्जर भी गोली लगने से घायल हुए हैं। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी नाजुक स्थिति को देखते हुए उन्हें ग्वालियर रेफर कर दिया गया है। सरायछोला थाना पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर एक दर्जन से अधिक नामजद आरोपियों के खिलाफ हत्या और हत्या के प्रयास जैसी संगीन धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है।
आरोपी फरार, घरों पर लटके ताले
Morena वारदात के बाद से ही गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है। पुलिस की पकड़ से बचने के लिए सभी आरोपी अपने घरों में ताले डालकर फरार हो गए हैं। थाना प्रभारी (TI) केके सिंह ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। पुलिस का दावा है कि जल्द ही सभी दोषियों को सलाखों के पीछे भेजा जाएगा। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए गांव में पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है।





