Reporter: Danveer Singh, Edit By: Mohit Jain
मुरादाबाद में इंसानियत को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। एक निजी अस्पताल ने इलाज के दौरान मौत के बाद भी मृतक का शव परिजनों को देने से इनकार कर दिया। अस्पताल प्रबंधन का कहना था कि जब तक ₹1.70 लाख और जमा नहीं किए जाते, शव नहीं मिलेगा।
हादसे में हुई थी युवक की मौत

जानकारी के अनुसार, सिविल लाइंस थाना क्षेत्र की आदर्श कॉलोनी निवासी शिवा पुत्र नानक अपने दोस्त अमन पुत्र संजय सिंह के साथ एक सप्ताह पहले मॉडर्न पब्लिक स्कूल के पास से बाइक से लौट रहा था। तभी एक तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए थे।
₹7 लाख देने के बाद भी नहीं मिला शव
परिजन दोनों को कांठ रोड स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराए थे। इलाज के दौरान शिवा ने दम तोड़ दिया। मृतक के परिवार ने बताया कि उन्होंने अस्पताल को अब तक ₹7 लाख रुपये दे दिए, लेकिन प्रबंधन ने शव देने से इनकार करते हुए ₹1.70 लाख और मांगे। इससे नाराज परिजनों ने अस्पताल में जमकर हंगामा किया।

मौके पर पहुंची पुलिस
हंगामे की सूचना पर सिविल लाइंस थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामला शांत कराया। पुलिस अब अस्पताल प्रबंधन से पूछताछ कर रही है। मृतक शिवा के परिवार में पत्नी गुंजा और आठ दिन की नवजात बच्ची है। वहीं हादसे में घायल अमन का इलाज अब भी जारी है।





