BY
Yoganand Shrivastava
Lucknow : मुख्तार अंसारी के निधन के बाद अब उनके परिवार की आपसी कलह सार्वजनिक मंच पर आ गई है। अंसारी परिवार के दो सदस्यों के बीच छिड़ी इस जंग ने सियासी गलियारों में हलचल तेज कर दी है। मुख्तार के भतीजे सलमान अंसारी ने अपने ही भाई और मोहम्मदाबाद से मौजूदा विधायक मन्नू अंसारी पर भ्रष्टाचार और कार्यकर्ताओं के उत्पीड़न के सनसनीखेज आरोप लगाते हुए सोशल मीडिया पर मोर्चा खोल दिया है।
“विकास के नाम पर हो रही है लूट”: फेसबुक पोस्ट से मचा हड़कंप
Lucknow सलमान अंसारी ने एक विस्तृत फेसबुक पोस्ट के जरिए अपना दर्द साझा करते हुए बताया कि वे पिछले चार वर्षों से अपनी विधानसभा (378 मोहम्मदाबाद) क्यों नहीं जा रहे हैं। सलमान ने आरोप लगाया, “मैं क्षेत्र में विकास के नाम पर चल रही खुली लूट का हिस्सा नहीं बनना चाहता। वहां कार्यकर्ताओं के साथ बदतमीजी की जाती है और जनता के साथ प्रजा जैसा व्यवहार होता है।” उन्होंने आगे कहा कि अगर उनके पिता या चाचा (मुख्तार अंसारी) का नाम न होता, तो आज क्षेत्र के हालात और भी बदतर होते।
पार्टी से निकलवाने की धमकी और कार्यकर्ताओं का अपमान
Lucknow सलमान अंसारी का आरोप है कि विधायक मन्नू अंसारी द्वारा कार्यकर्ताओं को डराया-धमकाया जाता है। उन्होंने लिखा कि सम्मानित कार्यकर्ताओं और क्षेत्र के लोगों को राष्ट्रीय अध्यक्ष के नाम की धमकी दी जाती है कि यदि किसी ने आवाज उठाई तो उन्हें पार्टी से बाहर करवा दिया जाएगा। सलमान के मुताबिक, क्षेत्र के लोग उनसे संपर्क कर रोते हुए अपना दुख बताते हैं, जिसे देखकर उन्होंने अब चुप न रहने का फैसला किया है।
“मेरे पास हैं पुख्ता सबूत”: भाई पर लगाया फंसाने का आरोप
Lucknow अपनी पोस्ट के अंत में सलमान ने चेतावनी देते हुए कहा कि उनके पास विधायक के खिलाफ भ्रष्टाचार के कई सबूत और रिकॉर्डिंग्स मौजूद हैं, जिन्हें सार्वजनिक करने पर कई लोग बड़ी मुश्किल में पड़ सकते हैं। उन्होंने यह आशंका भी जताई कि इस सच को सामने लाने के बाद उन्हें फंसाने, परेशान करने या घर से निकलवाने की कोशिश की जा सकती है क्योंकि दूसरे पक्ष के पास “लूट का पैसा” है। सलमान ने कड़े शब्दों में कहा, “जनता किसी भी राजा का भूत उतारना जानती है।”





