Reporter: Umesh Dahariya, Edit By: Mohit Jain
Korba: कोतवाली थाना अंतर्गत मानिकपुर पुलिस चौकी क्षेत्र में लूट की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां स्कॉर्पियो सवार चार युवकों ने एक ट्रांसपोर्टर के साथ मारपीट कर उसकी सोने की चेन लूट ली और मौके से फरार हो गए।
मुंगेली निवासी ट्रांसपोर्टर बना शिकार
पीड़ित की पहचान दीपक सिंह, निवासी मुंगेली के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दीपक सिंह गुरुवार को किसी काम से कोरबा शहर आया हुआ था। इसी दौरान जब वह रविशंकर शुक्ल नगर की ओर जा रहा था, तभी रास्ते में रुका।
काली स्कॉर्पियो से उतरकर की मारपीट
इसी दौरान पास में एक काले रंग की स्कॉर्पियो आकर रुकी। वाहन से उतरे चार युवकों ने दीपक सिंह के साथ मारपीट की और गले से सोने की चेन छीन ली। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।

पुलिस ने दर्ज किया मामला
घटना के बाद पीड़ित ने मानिकपुर पुलिस चौकी में रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
एक आरोपी गिरफ्तार, स्कॉर्पियो जब्त
पुलिस ने वाहन के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर कार्रवाई करते हुए स्कॉर्पियो सहित एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, अन्य फरार आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस की टीमें जुटी हुई हैं।
यह खबर भी पढ़ें : Koriya: रेलवे की सीसी नाली में जगह-जगह दरारें, गुणवत्ता पर उठे सवाल
इलाके में बढ़ी सतर्कता
घटना के बाद क्षेत्र में सतर्कता बढ़ा दी गई है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही बाकी आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।





