,

कानपुर: “नककटा” बना गांव में दहशत का कारण, लोगों की नाक और अंगूठा काटने की शिकायत लेकर पहुंचे ग्रामीण, DM भी रह गए हैरान

कानपुर: जिले से एक अजीब और चौंकाने वाली घटना सामने आई है। यहां थाना ककवन क्षेत्र के गुमानी पुरवा गांव के ग्रामीणों ने डीएम के जनता दरबार में ऐसी शिकायत दर्ज कराई कि अधिकारी भी हैरान रह गए। ग्रामीणों का कहना है कि उनके गांव का एक व्यक्ति, अलवर नाम का, लोगों से झगड़ा करता है और गुस्से में आकर नाक और अंगूठा दांतों से काट लेता है।

क्या है पूरा मामला?

गांव वालों ने बताया कि अलवर के दांत बेहद पैने हैं और वह अक्सर गांव में विवाद करता रहता है। जब कोई उसके खिलाफ बोलता है तो वह अचानक झपटकर उनकी नाक काट लेता है। कुछ पीड़ित तो ऐसे हैं जिनकी नाक पूरी तरह से कट चुकी है। वहीं, जो लोग अपनी नाक बचा लेते हैं, उनका अंगूठा वह दांतों से चबा लेता है।

पीड़ितों के साथ पहुंचे ग्रामीण

ग्रामीण जब डीएम जितेंद्र प्रताप सिंह के जनता दरबार में पहुंचे तो उनके साथ कई ऐसे लोग भी थे जिनकी नाक अलवर काट चुका है। यह देखकर वहां मौजूद लोग भी दंग रह गए। शिकायत सुनने के बाद डीएम ने तुरंत डीसीपी पश्चिम को मामले की जांच और आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

गांव में फैला आतंक

गांव से आए अवधेश नाम के व्यक्ति ने बताया कि अलवर की वजह से पूरा गांव भय के माहौल में जी रहा है। लोग अब उसे उसके नाम से नहीं, बल्कि “नककटा” के नाम से पहचानते हैं। आरोप है कि वह अब तक आधा दर्जन से अधिक लोगों की नाक काट चुका है। प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है, ताकि गांव में फैले इस अजीबोगरीब आतंक से लोगों को राहत मिल सके।