Report: M H Ansari
Jhansi: झांसी के मऊरानीपुर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम पठा निवासी लल्लू बरार ने कोतवाली प्रभारी को प्रार्थना पत्र देकर गांव के दबंगों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़ित का कहना है कि उसकी जमीन पर कई वर्षों से अवैध कब्जा किया गया है, जिससे उसका परिवार भुखमरी की कगार पर पहुंच गया है।
गाटा संख्या 71/1 पर दबंगों का कब्जा
पीड़ित लल्लू बरार के अनुसार उसकी गाटा संख्या 71/1 की जमीन पर गांव के दबंगों ने जबरन कब्जा कर रखा है। जब भी वह अपनी जमीन जोतने या खेती करने जाता है, तो आरोपी अपने पूरे परिवार के साथ पहुंचकर उसे धमकाने लगते हैं।
जान से मारने की धमकी का आरोप
प्रार्थना पत्र में पीड़ित ने आरोप लगाया है कि दबंग लोग उसे जातिसूचक शब्दों से अपमानित करते हैं, गालियां देते हैं और जान से मारने की धमकी भी देते हैं। पीड़ित का कहना है कि इन लोगों से उसके पूरे परिवार को खतरा बना हुआ है।
मजदूरी कर बच्चों का पेट पालने को मजबूर पीड़ित
लल्लू बरार ने बताया कि वह बेहद गरीब परिवार से है और दबंगों से लड़ने की स्थिति में नहीं है। जमीन पर कब्जे के कारण उसे बाहर जाकर मजदूरी करनी पड़ रही है, जिससे वह किसी तरह अपने बच्चों का भरण-पोषण कर पा रहा है।
उपजाऊ जमीन पर उगी गेहूं की फसल
पीड़ित ने बताया कि उसकी जमीन उपजाऊ है और इस समय उस पर गेहूं की फसल खड़ी है, लेकिन कब्जा होने के कारण वह अपनी ही फसल का लाभ नहीं उठा पा रहा है।
प्रशासन से न्याय की मांग
पीड़ित ने प्रशासन से मांग की है कि उसकी जमीन को दबंगों से कब्जा मुक्त कराया जाए और उसे न्याय दिलाया जाए, ताकि वह अपने परिवार के साथ सम्मानपूर्वक जीवन यापन कर सके।





