BY: Yoganand Shrivastva
इंदौर: मंगलवार को जयस छात्र संगठन और जयस के पदाधिकारियों ने कलेक्टर कार्यालय के बाहर जोरदार प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन अनुसूचित जनजाति, अनुसूचित जाति और अन्य पिछड़ा वर्ग के छात्रों की लंबित छात्रवृत्तियों को लेकर किया गया। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में छात्र और संगठन के कार्यकर्ता शामिल हुए।
प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि छात्रवृत्ति वितरण में भारी अनियमितता और भ्रष्टाचार हो रहा है, जिसके चलते हजारों विद्यार्थी शिक्षा से वंचित हो रहे हैं। उन्होंने मांग की कि राज्य सरकार जल्द से जल्द रुकी हुई छात्रवृत्तियाँ जारी करे, ताकि छात्रों की पढ़ाई प्रभावित न हो।
जयस के प्रदेश अध्यक्ष पवन डावर ने कहा कि सरकार और प्रशासन बार-बार केवल आश्वासन देते हैं, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं करते। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि छात्रों की मांगों पर तुरंत निर्णय नहीं लिया गया, तो संगठन राज्य, प्रदेश और जिला स्तर पर व्यापक आंदोलन करेगा। संगठन ने यह भी घोषणा की कि यदि उनकी मांगें अब भी अनसुनी रहीं, तो वे इंदौर से भोपाल तक मुख्यमंत्री निवास तक पैदल मार्च करेंगे। प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने नारेबाजी करते हुए शिक्षा के अधिकार और छात्र हित में तत्काल कार्रवाई की मांग की।





