मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को अपने सरकारी आवास पर आयोजित ‘जनता दर्शन’ कार्यक्रम में प्रदेश भर से आए 52 से अधिक फरियादियों से मुलाकात की। सीएम ने प्रत्येक पीड़ित से व्यक्तिगत रूप से मिलकर उनकी समस्याएं सुनी और तुरंत निराकरण के निर्देश दिए। उन्होंने सभी जिलाधिकारियों और एसएसपी को निर्देशित किया कि वे जनपद स्तर पर सभी शिकायतों का सुनियोजित समाधान करें।
फरियादियों की समस्याओं का शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश

जनता दर्शन में आए लोगों ने आर्थिक सहायता, अवैध कब्जा, बिजली, शिक्षा, पुलिस एवं अन्य प्रशासनिक समस्याओं से अवगत कराया। सीएम योगी ने सभी जिलाधिकारियों और वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को कहा कि पीड़ितों की शिकायतें निर्धारित समयावधि में निस्तारित की जाएं। उन्होंने यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि सभी विभाग समय पर कार्रवाई करें और आमजन की समस्याओं का समाधान हो।

बच्चों को चॉकलेट दी, उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने अभिभावकों के साथ आए बच्चों से भी बातचीत की। उन्होंने बच्चों के नाम पूछे, उन्हें चॉकलेट दी और पढ़ाई पर ध्यान देने की सलाह दी। सीएम ने बच्चों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि मेहनत और पढ़ाई से ही जीवन में सफलता प्राप्त होती है।
आमजन की सेवा और सुरक्षा सरकार का संकल्प
मुख्यमंत्री ने कहा कि आमजन की सेवा और सुरक्षा ही सरकार का प्रमुख उद्देश्य है। प्रदेश में हर जरूरतमंद की सहायता सुनिश्चित की जाती है और भविष्य में भी यह कार्य निरंतर जारी रहेगा। जनपद गोरखपुर, शामली, झांसी, कन्नौज आदि से आए फरियादियों की समस्याओं का समाधान तत्काल किया गया।





