BY: Yoganand Shrivastva
नई दिल्ली: भारतीय सेना द्वारा आतंकवाद के खिलाफ चलाए गए ऑपरेशन सिंदूर को लेकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रतिक्रियाएं आ रही हैं। इस अभियान में सेना ने पहलगाम हमले के बाद पाकिस्तान और पीओके में स्थित आतंकवादी ठिकानों को सफलतापूर्वक निशाना बनाया। अब इजरायल ने भारत की इस कार्रवाई को लेकर खुलकर समर्थन व्यक्त किया है।
भारत में इजरायल के राजदूत रियुवेन अजार ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा,
“इजरायल, भारत के आत्मरक्षा के अधिकार का पूरा समर्थन करता है। आतंकवादियों को यह समझना होगा कि निर्दोष नागरिकों पर किए गए उनके क्रूर हमलों के बाद वे दुनिया में कहीं भी सुरक्षित नहीं रह सकते।”
इजरायली राजदूत की यह टिप्पणी भारत के साथ रणनीतिक सहयोग और वैश्विक आतंकवाद के विरुद्ध साझा दृष्टिकोण को दर्शाती है। ऑपरेशन सिंदूर के जरिए भारत ने एक बार फिर यह स्पष्ट कर दिया है कि वह आतंकी हमलों का केवल जवाब ही नहीं देगा, बल्कि उसे जड़ से खत्म करने की दिशा में ठोस कदम उठाएगा।
इसरायली समर्थन को भारत के लिए एक महत्वपूर्ण कूटनीतिक समर्थन माना जा रहा है, खासतौर पर ऐसे समय में जब क्षेत्रीय तनाव अपने चरम पर है।





