धारदार हथियार से किया गंभीर रूप से घायल
मुरादाबाद – ठाकुरद्वारा नगर के मोहल्ला वेयर हाउस में बीती देर रात उस समय सनसनी फैल गई जब कुछ हथियारबंद दबंगों ने एक पत्रकार के घर में घुसकर उस पर जानलेवा हमला कर दिया। पीड़ित पत्रकार देशरत्न ने बताया कि रात के समय कुछ अज्ञात लोग हथियारों से लैस होकर उनके घर में जबरन घुस आए और बदतमीजी व गाली-गलौज करने लगे।
जब देशरत्न ने इसका विरोध किया तो उन पर धारदार हथियार से हमला कर दिया गया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। आरोपियों ने उनकी कनपटी पर तमंचा रखकर धमकी दी कि शोर मचाया तो गोली मार देंगे। इसी दौरान हमलावरों ने घर में जमकर तोड़फोड़ भी की।
हमले की आवाज सुनकर मोहल्ले के लोग जाग गए, जिसके बाद आरोपी तमंचा लहराते हुए मौके से फरार हो गए। पीड़ित ने तत्परता दिखाते हुए 112 नंबर पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थिति का जायज़ा लिया और पड़ोसियों की मदद से घायल पत्रकार को सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पीड़ित देशरत्न ने पुलिस को दी गई तहरीर में तीन नामजद व दो अज्ञात हमलावरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और आरोपियों की तलाश जारी है।
इस हमले से पत्रकार समुदाय में गहरा आक्रोश व्याप्त है। पत्रकारों ने प्रशासन से दोषियों की जल्द गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग की है। क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है और लोग इस नृशंस वारदात से स्तब्ध हैं।
प्रशासन और पुलिस से मामले में त्वरित कार्रवाई की उम्मीद जताई जा रही है।
21 अप्रैल 2025 का दैनिक राशिफल: सभी राशियों के लिए भविष्यवाणी और उपाय





