Gwalior news: तेज रफ्तार ट्रैक्टर की टक्कर से दर्दनाक हादसा, पत्नी की मौत, पति गंभीर घायल

- Advertisement -
Swadesh NewsAd image

Gwalior news: ग्वालियर जिले में रविवार शाम एक भीषण सड़क हादसे में पत्नी की मौके पर मौत हो गई, जबकि पति गंभीर रूप से घायल हो गया। दंपती बाजार से खरीदारी कर बाइक से घर लौट रहा था। घटना आरोन थाना क्षेत्र के बोमठ खो के पास की है।

खरीदारी कर लौटते समय हुआ हादसा
आरोन थाना क्षेत्र के बेरखेड़ा गांव निवासी चिरोंजीलाल किसान हैं। वह रविवार को अपनी पत्नी गुड्डी देवी और बेटे रविन्द्र के साथ घाटीगांव खरीदारी करने गए थे। वापसी के दौरान कुछ दूरी पहले बेटे को उसके दोस्त की बाइक पर बैठा दिया गया था, जबकि दंपती अपनी बाइक से आगे चल रहे थे।

तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने मारी टक्कर
बोमठ खो के पास पहुंचते ही सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रैक्टर के चालक ने लापरवाही से बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दंपती सड़क पर जा गिरे।

पत्नी की मौके पर मौत, पति गंभीर घायल
हादसे में गुड्डी देवी ट्रैक्टर की चपेट में आ गईं, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं चिरोंजीलाल गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को जेएएच के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया।

दस मिनट पहले बदली गाड़ी, बेटे की बची जान
दंपती का बेटा रविन्द्र भी हादसे का शिकार हो सकता था, लेकिन घटना से करीब दस मिनट पहले ही उसे पीछे आ रहे दोस्त की बाइक पर बैठा दिया गया था। इसी वजह से वह सुरक्षित बच गया।

ट्रैक्टर छोड़कर फरार हुआ चालक
हादसे के बाद आरोपी ट्रैक्टर चालक वाहन मौके पर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने ट्रैक्टर जब्त कर लिया है और आरोपी की तलाश शुरू कर दी गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले में जांच की जा रही है।