Report: Vijay Aahirwar
Guna मध्य प्रदेश के गुना शहर स्थित सोनी कॉलोनी में शुक्रवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक बुजुर्ग दंपत्ति के शव उनके ही घर में संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद हुए। मृतकों की पहचान 75 वर्षीय वकील दिलीप कुमार गोयल और उनकी पत्नी किरण गोयल के रूप में हुई है। पुलिस ने मौके पर पहुँचकर जांच शुरू कर दी है।
Guna घर के भीतर का खौफनाक मंजर
शुरुआती जानकारी के अनुसार, जब परिजन और पड़ोसी घर के भीतर दाखिल हुए तो वहां का दृश्य विचलित करने वाला था। अधिवक्ता दिलीप कुमार गोयल का शव फंदे से लटका हुआ पाया गया, जबकि उनकी पत्नी किरण गोयल, जो एक सेवानिवृत्त शिक्षिका थीं, उनका शव पलंग पर बेसुध पड़ा था। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुँचा और एफएसएल (FSL) टीम की मदद से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।
Guna बेटे ने फोन किया तो नहीं मिला जवाब
बताया जा रहा है कि दंपत्ति का बेटा अपने परिवार के साथ किसी निजी काम से राजगढ़ गया हुआ था। शुक्रवार सुबह जब उसने माता-पिता को फोन किया, तो कई बार कॉल करने के बावजूद किसी ने फोन रिसीव नहीं किया। अनहोनी की आशंका होने पर बेटे ने अपने एक परिचित को घर जाकर देखने के लिए कहा। जब परिचित ने पड़ोसियों की मदद से घर के भीतर जाकर देखा, तो दोनों की मौत हो चुकी थी।
Guna जांच में जुटी पुलिस: हत्या या आत्महत्या?
फिलहाल पुलिस इस गुत्थी को सुलझाने में लगी है कि यह आत्महत्या का मामला है या इसके पीछे कोई गहरी साजिश है। दिलीप कुमार गोयल शहर के प्रतिष्ठित वकील थे और उनकी पत्नी भी शिक्षा विभाग से सेवानिवृत्त थीं। पुलिस घर के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और कॉल डिटेल्स की जांच कर रही है ताकि मौत के सटीक कारणों और समय का पता लगाया जा सके। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, जिसकी रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।





