Isa Ahmad
REPORT BY- ARUN KUMAR
उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जनपद में रेलवे यात्रियों की सुरक्षा को मजबूत बनाने और उनकी शिकायतों के त्वरित निस्तारण के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान का प्रभाव लगातार दिखाई दे रहा है। राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) अनुभाग गोरखपुर ने वर्ष 2025 में चोरी और गुमशुदा मोबाइल बरामदगी के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धि दर्ज की है।
उच्चाधिकारियों के मार्गदर्शन में संचालित इस अभियान के तहत अब तक कुल 1570 मोबाइल फ़ोन बरामद किए गए हैं। केवल पिछले दो महीनों में ही 248 मोबाइल फ़ोन उनके वास्तविक मालिको को सुपुर्द किए गए, जिससे यात्रियों और आम नागरिकों में पुलिस के प्रति विश्वास और अधिक मजबूत हुआ है।
इस सफलता का श्रेय पुलिस अधीक्षक रेलवे गोरखपुर लक्ष्मी निवास मिश्र (आईपीएस) के नेतृत्व को दिया जा रहा है। वहीं अभियान की निगरानी पुलिस उपाधीक्षक रेलवे गोरखपुर विनोद कुमार सिंह ने बखूबी की।
बरामद मोबाइलों की कीमत भी उल्लेखनीय है। अधिकतर मोबाइल की कीमत 30,000 से 35,000 रुपये के बीच पाई गई, जबकि कुछ की कीमत 80,000 रुपये तक दर्ज की गई। पुलिस द्वारा सुपुर्द किए गए कुल 248 मोबाइल की अनुमानित कीमत लगभग 55 लाख रुपये आंकी गई है।
जीआरपी गोरखपुर की इस बड़ी उपलब्धि को रेलवे सुरक्षा और जनसेवा के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। पुलिस ने यात्रियों से आग्रह किया है कि यदि उनका मोबाइल गुम हो जाए या चोरी हो जाए, तो तुरंत जीआरपी हेल्पलाइन या नजदीकी थाने में शिकायत दर्ज कराएं, ताकि त्वरित कार्रवाई की जा सके।





