गाजियाबाद, 7 अप्रैल:
थाना विजय नगर क्षेत्र के सम्राट चौक पर उस वक्त अफरा-तफरी मच गई जब एक चलती हुई नैनो कार में अचानक आग लग गई। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों ने तुरंत दमकल विभाग को सूचना दी, जिसके बाद मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने आग पर काबू पाया।
शॉर्ट सर्किट बना आग का कारण
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि कार में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट था। गनीमत रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई। कार सवार व्यक्ति समय रहते वाहन से बाहर निकल गए, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
मौके पर जमा हो गई भीड़
चलती कार में आग लगने की घटना से सम्राट चौक पर भीड़ एकत्रित हो गई और कुछ देर के लिए यातायात भी प्रभावित हुआ। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया।
दमकल विभाग की त्वरित कार्रवाई से आग को फैलने से रोक दिया गया। पुलिस और दमकल विभाग पूरे मामले की जांच कर रही है।





