,

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही: स्वास्थ्य मंत्री के शराब दुकान निरीक्षण पर भूपेश बघेल का तंज

Gaurela-Pendra-Marwahi: Bhupesh Baghel taunts Health Minister on liquor shop inspection

मंत्री ने दिया करारा जवाब

छत्तीसगढ़ में एक बार फिर राजनीतिक बयानबाज़ी गरमा गई है, जब प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में दौरे के दौरान एक शराब दुकान का औचक निरीक्षण किया। इस निरीक्षण पर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सोशल मीडिया पर तंज कसते हुए सवाल उठाया।

भूपेश बघेल ने अपनी पोस्ट में लिखा,
“शिकायतें दवा की हैं, कमीशन की हैं… पर स्वास्थ्य मंत्री दारू दुकान का निरीक्षण कर रहे हैं!”
उनकी इस टिप्पणी ने राजनीतिक गलियारों में हलचल मचा दी और इसे सरकार की प्राथमिकताओं पर सवाल उठाने के रूप में देखा जा रहा है।

इस पर स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने भी पलटवार करते हुए स्पष्ट किया,
“मैं जहां भी दौरे पर जाता हूं, वहां स्वास्थ्य से जुड़ी व्यवस्थाओं के साथ-साथ अन्य विभागों की स्थिति को भी देखता हूं। शराब दुकानों पर अनियमितता की शिकायतें आई थीं, इसलिए निरीक्षण किया गया। मैं एक मंत्री हूं, और मेरी जिम्मेदारी केवल एक विभाग तक सीमित नहीं है, जनता की हर चिंता मेरी प्राथमिकता है।”

उन्होंने आगे कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को यह नहीं भूलना चाहिए कि शासन में रहते हुए वे खुद कई बार अन्य विभागों के कार्यों की समीक्षा करते थे, अब जब विपक्ष में हैं तो केवल बयानबाज़ी करने में लगे हैं।

इस बयानबाज़ी से साफ है कि छत्तीसगढ़ की सियासत में विधानसभा चुनाव के बाद भी आरोप-प्रत्यारोप का दौर थमा नहीं है, और मंत्री के हर कदम पर विपक्ष की नजर बनी हुई है।