9.36 लाख सोयाबीन उत्पादक किसान होंगे लाभांवित।
भोपाल: मध्य प्रदेश के सोयाबीन उत्पादक किसानों के लिए अच्छी खबर है। 26 नवम्बर को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव इंदौर जिले के गौतमपुरा से सोयाबीन भावान्तर भुगतान योजना के तहत 1 लाख 52 हजार किसानों के खातों में 253 करोड़ रूपये राशि अंतरित करेंगे।इस कार्यक्रम में 10 हजार से अधिक किसान शामिल होंगे। कार्यक्रम स्थल पर कृषि से संबंधित उपकरणों की प्रदर्शनी लगाई जाएगी। इस दौरान सीएम डॉ. यादव किसानों से संवाद भी करेंगे।इससे पहले सीएम डॉ. मोहन यादव ने 13 नवम्बर को देवास से प्रदेश के 1.33 लाख किसानों के खाते में 233 करोड़ रुपए की भावांतर राशि का अंतरण किया था।

भावांतर योजना: 9.36 लाख सोयाबीन उत्पादक किसान पंजीकृत, MSP 5328 रूपए
भावांतर योजना 2025 के अंतर्गत सोयाबीन विक्रेता किसानों के लिए मंगलवार 25 नवंबर को 4277 रुपए प्रति क्विंटल का मॉडल रेट जारी किया गया है। यह मॉडल रेट उन किसानों के लिए है जिन्होंने अपनी सोयाबीन की उपज मंडी प्रांगणों में विक्रय की है। इस मॉडल रेट के आधार पर ही भावांतर की राशि की गणना की जाएगी। मॉडल रेट और न्यूनतम समर्थन मूल्य के भावांतर की राशि राज्य सरकार द्वारा दी जा रही है।
सोयाबीन का पहला मॉडल रेट 7 नवंबर को 4020 रुपए प्रति क्विंटल जारी किया गया था। इसी तरह 8 नवंबर को 4033 रुपए, 9 और 10 नवंबर को 4036 रुपए, 11 नवंबर को 4056 रुपए, 12 नवंबर को 4077 रुपए, 13 नवंबर को 4130 रुपए, 14 नवंबर को 4184 रुपए, 15 नवंबर को 4225 रुपए, 16 नवंबर को 4234 रुपए, 17 नवंबर को 4236 रुपए, 18 नवंबर को 4255 रुपए, 19 नवंबर को 4263 रुपए, 20 नवंबर को 4267 रुपए, 21 नवंबर को 4271 रुपए और 22 नवंबर को 4285 रुपए, 23 और 24 नवंबर को 4282 रुपए प्रति क्विंटल का मॉडल रेट जारी हुआ था। राज्य सरकार की गारंटी है कि किसानों को हर हाल में सोयाबीन के न्यूनतम समर्थन मूल्य की 5328 रुपए प्रति क्विंटल की राशि मिलेगी।




