Isa Ahmad
अम्बिकापुर में आबकारी विभाग की टीम ने अवैध महुआ शराब निर्माण पर बड़ी कार्रवाई की है। आबकारी उप निरीक्षक अनिल गुप्ता के नेतृत्व में विभाग ने मुखबिर की सूचना पर ग्राम परसा पाली में दबिश दी। कार्रवाई के दौरान मौके से लगभग 16 लीटर तैयार महुआ शराब और 410 किलो महुआ लहान बरामद किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत 22 हजार रुपये से अधिक बताई जा रही है।
टीम ने की सघन कार्रवाई
कार्रवाई के दौरान आबकारी उप निरीक्षक अनिल गुप्ता के साथ विभागीय अमला भी मौजूद रहा। टीम ने मौके पर शराब और महुआ लहान को जप्त कर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की। अधिकारियों ने बताया कि अवैध शराब निर्माण और बिक्री के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।
आरोपी महिला गिरफ्तार, भेजी गई न्यायिक रिमांड पर
मौके से एक आरोपी महिला को गिरफ्तार किया गया है। उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। आबकारी विभाग ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में इस तरह की अवैध गतिविधियों पर पूरी सख्ती से रोक लगाई जाएगी और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।





