दबंगों ने की फसल बर्बाद, जान से मारने की धमकी
इटावा, उत्तर प्रदेश:
इटावा जिले के बकेवर थाना क्षेत्र अंतर्गत वीरपुर सलेमपुर गांव में एक अंतरजातीय प्रेम विवाह दलित युवक और उसके परिवार के लिए आफत बन गया है। अनुसूचित जाति (दिवाकर समाज) से ताल्लुक रखने वाले युवक द्वारा ऊंची जाति की लड़की से प्रेम विवाह करने पर लड़की के परिवार वालों ने युवक के पूरे परिवार को दुश्मन मान लिया है।
पीड़ित गिरीश बाबू और ममता देवी राजपाल सिंह ने बताया कि उन्होंने अपने खेतों में खीरा और धनिया की फसल उगाने के लिए पशु और जेवर बेचकर तथा जमीन को गिरवी रखकर खेती की थी। लेकिन गांव के प्रधान की लड़की ने अपने जेठ के लड़के के साथ मिलकर लखनऊ हाईकोर्ट में शादी रचा ली, जिसके बाद से लड़की के परिजन दलित परिवार से दुश्मनी मान बैठे हैं।
दबंगों ने खेतों में खड़ी फसल की बर्बादी
पीड़ितों का आरोप है कि लड़की के परिवार के दबंग लोग उनके खेतों में घुसकर फसल को उखाड़कर बर्बाद कर रहे हैं। जब उन्होंने 112 नंबर पर पुलिस को सूचना दी तो पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन आरोप है कि गांव के प्रधान ने पुलिस को ही वर्दी उतरवाने की धमकी दे डाली। दबाव में आकर पुलिस ने सिर्फ पीड़ित परिवार को कप्तान साहब से शिकायत करने की सलाह देकर वापसी कर ली।
जान से मारने की धमकी का आरोप
पीड़ितों का कहना है कि उन्हें और उनके पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी जा रही है। गांव में दबंगों के हौसले बुलंद हैं और दलित परिवार पर लगातार अत्याचार किया जा रहा है। उन्होंने प्रशासन से सुरक्षा और न्याय की गुहार लगाई है।
प्रशासन की चुप्पी पर उठे सवाल
इस पूरे मामले में अब तक किसी भी प्रशासनिक अधिकारी द्वारा ठोस कार्रवाई नहीं की गई है, जिससे दलित परिवार भय के साए में जी रहा है। स्थानीय लोग प्रशासन से मांग कर रहे हैं कि मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए ताकि भविष्य में कोई और इस तरह के अत्याचार का शिकार न हो।





