Mohit Jain
Elon Musk बने 600 बिलियन डॉलर नेटवर्थ वाले दुनिया के पहले व्यक्ति, एक दिन में ₹15 लाख करोड़ की छलांग दुनिया के सबसे अमीर व्यक्ति इलॉन मस्क ने एक नया इतिहास रच दिया है। मस्क की कुल संपत्ति 600 बिलियन डॉलर (करीब ₹54.50 लाख करोड़) के पार पहुंच गई है। इसके साथ ही वे यह आंकड़ा छूने वाले दुनिया के पहले व्यक्ति बन गए हैं।
Elon Musk: स्पेसएक्स की वैल्यूएशन से बढ़ी दौलत

स्पेसएक्स की वैल्यूएशन 800 बिलियन डॉलर होने की खबर के बाद मस्क की नेटवर्थ में जबरदस्त उछाल आया। एक ही दिन में उनकी संपत्ति करीब 168 बिलियन डॉलर (लगभग ₹15 लाख करोड़) बढ़ गई। यह बढ़ोतरी रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी की कुल नेटवर्थ 110 बिलियन डॉलर (करीब ₹10 लाख करोड़) से भी ज्यादा है।
फिलहाल इलॉन मस्क की कुल नेटवर्थ लगभग 638 बिलियन डॉलर आंकी जा रही है। इनसाइडर शेयर सेल के बाद स्पेसएक्स दुनिया की सबसे वैल्यूएबल प्राइवेट कंपनी बन गई है। मस्क स्पेसएक्स के फाउंडर और CEO हैं।
IPO की खबरों से और बढ़ सकता है आंकड़ा
रॉयटर्स के मुताबिक, कंपनी के अंदर हुई शेयर बिक्री में स्पेसएक्स की वैल्यूएशन 800 बिलियन डॉलर तय हुई है। मस्क के पास स्पेसएक्स में करीब 42 प्रतिशत हिस्सेदारी है। अगर कंपनी इसी वैल्यूएशन पर अमेरिकी शेयर बाजार में लिस्ट होती है, तो मस्क की हिस्सेदारी की कीमत अकेले 336 बिलियन डॉलर से ज्यादा बढ़ सकती है।
फोर्ब्स का कहना है कि ऐसी स्थिति में इलॉन मस्क दुनिया के पहले ट्रिलियनेयर भी बन सकते हैं, हालांकि यह IPO की लिस्टिंग पर निर्भर करेगा।
टेस्ला और xAI ने भी दिया सहारा
स्पेसएक्स के अलावा मस्क की ईवी कंपनी टेस्ला में भी करीब 12 प्रतिशत हिस्सेदारी है। 2025 में अब तक टेस्ला के शेयर 13 प्रतिशत चढ़ चुके हैं। मस्क की टेस्ला में हिस्सेदारी की वैल्यू लगभग 197 बिलियन डॉलर आंकी गई है।
वहीं, मस्क की आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस स्टार्टअप xAI भी 230 बिलियन डॉलर के वैल्यूएशन पर 15 बिलियन डॉलर की नई इक्विटी जुटाने के लिए बातचीत के एडवांस स्टेज में है।
12 साल की उम्र में शुरू हुआ सफर

इलॉन मस्क ने महज 10 साल की उम्र में कंप्यूटर प्रोग्रामिंग सीख ली थी और 12 साल की उम्र में ‘ब्लास्टर’ नाम का एक वीडियो गेम बनाकर 500 अमेरिकी डॉलर में बेच दिया था। इसे उनकी पहली व्यावसायिक उपलब्धि माना जाता है।
1995 में उन्होंने वेब सॉफ्टवेयर कंपनी Zip2 बनाई, जिसे 1999 में कॉम्पैक ने 307 मिलियन डॉलर में खरीद लिया। इसके बाद 1999 में बनी PayPal को ईबे ने 2002 में 1.5 बिलियन डॉलर में खरीदा, जिससे मस्क को 180 मिलियन डॉलर मिले।
टेस्ला, स्पेसएक्स और न्यूरालिंक से बनाई पहचान

इसके बाद मस्क ने स्पेसएक्स की स्थापना की, जिसका लक्ष्य अंतरिक्ष यात्रा की लागत कम करना और मंगल ग्रह पर मानव बस्ती बसाना है। वहीं टेस्ला के जरिए उन्होंने इलेक्ट्रिक वाहनों को मुख्यधारा में लाने का काम किया।
2016 में स्थापित न्यूरालिंक का उद्देश्य ब्रेन–मशीन इंटरफेस तकनीक विकसित करना है, जिससे न्यूरोलॉजिकल बीमारियों के इलाज और इंसानों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से जोड़ने की दिशा में काम किया जा सके।
यह खबर भी पढ़ें: MP Tiger Reserve: कोर क्षेत्र मोबाइल पर प्रतिबंध, कोर एरिया में फोटो-वीडियो पर रोक
Vijay Diwas 1971 History: जब 13 दिनों में घुटनों पर आ गया पाकिस्तान,और हुआ बांग्लादेश का जन्म
इलॉन मस्क की यह उपलब्धि न सिर्फ उनकी कारोबारी सफलता को दर्शाती है, बल्कि वैश्विक बिजनेस इतिहास में एक नया अध्याय भी जोड़ती है।





