धमतरी नगर निगम में हंगामा, पार्षद पर गाली-गलौज का आरोप, कर्मचारी संघ ने जताया विरोध
धमतरी।
धमतरी नगर निगम में शुक्रवार को उस समय हंगामे की स्थिति बन गई जब निगम के कर्मचारी रामनारायण महेश्वरी ने ब्राम्हणपारा वार्ड के पार्षद कोमल सार्वा पर गाली-गलौज और अभद्र व्यवहार का गंभीर आरोप लगाया। इस घटना को लेकर नगर निगम कर्मचारी संघ में भारी आक्रोश फैल गया है।
क्या है मामला?
नगर निगम कर्मचारी रामनारायण महेश्वरी रोज़ाना की तरह शुक्रवार को अपने कार्य पर उपस्थित था। उसी समय पार्षद कोमल सार्वा किसी बात को लेकर कार्यालय पहुंचे और कथित रूप से कर्मचारी से गाली-गलौज और दुर्व्यवहार किया। घटना के तुरंत बाद रामनारायण ने इसकी जानकारी कर्मचारी संघ को दी।
कर्मचारी संघ का विरोध और मांग
घटना से नाराज़ नगर निगम कर्मचारी संघ ने पार्षद के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करते हुए कड़ी कार्रवाई की मांग की है। संघ की ओर से कहा गया है कि यदि पार्षद कोमल सार्वा सार्वजनिक रूप से माफी नहीं मांगते, तो वे निगम कार्यालय में धरना-प्रदर्शन करेंगे और आगे की कार्यवाही पर विचार करेंगे।
पार्षद ने किया आरोप से इंकार
वहीं दूसरी ओर पार्षद कोमल सार्वा ने गाली-गलौज या किसी भी तरह के अभद्र व्यवहार के आरोपों को सिरे से खारिज किया है। उनका कहना है कि उन्होंने कोई आपत्तिजनक व्यवहार नहीं किया और यह एकतरफा आरोप है।
कर्मचारियों में रोष, प्रशासन की चुप्पी पर सवाल
इस मामले को लेकर नगर निगम कर्मचारियों में गहरा रोष है। उनका कहना है कि यदि कर्मचारियों की गरिमा और सुरक्षा को लेकर कोई ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो वे कार्य बहिष्कार जैसे कदम उठाने पर मजबूर होंगे।





