Dhamtari News: धमतरी के बोराई में धर्मांतरण पर विवाद थमा, घर वापसी के बाद महिला का हिंदू रीति से अंतिम संस्कार

- Advertisement -
Swadesh NewsAd image
dhamtari-borai-religious-dispute-resolved-after-ghar-wapsi-funeral

रिपोर्ट- वैभव चौधरी

Dhamtari News: जिले के नगरी क्षेत्र अंतर्गत बोराई गांव में धर्मांतरित महिला के शव के अंतिम संस्कार को लेकर पैदा हुआ विवाद आखिरकार घर वापसी के लिखित आश्वासन के बाद शांत हो गया। शुक्रवार को महिला का हिंदू परंपरा के अनुसार अंतिम संस्कार गांव में किया गया। फिलहाल क्षेत्र में स्थिति सामान्य बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, बोराई गांव की साहू समाज की एक महिला ने कुछ वर्ष पूर्व ईसाई धर्म अपना लिया था। गुरुवार को महिला के निधन के बाद परिजन शव को दफनाने की तैयारी कर रहे थे, जिसका गांव के लोगों ने विरोध किया। विरोध के चलते शव को नगरी लाया गया, जहां दफनाने के लिए गड्ढा भी खोदा गया।

Dhamtari News: इसकी सूचना मिलते ही नगरवासी और हिंदू संगठनों के सदस्य श्मशान घाट पहुंचे और शव को दफनाने से रोक दिया। इससे माहौल तनावपूर्ण हो गया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन काफी देर तक चली बातचीत के बाद भी सहमति नहीं बन पाई।

भारी विरोध के बाद शव को वापस बोराई गांव ले जाया गया, जहां गुरुवार देर रात तक प्रशासन, पुलिस, हिंदू संगठन और ग्रामीणों के बीच घंटों बैठक चली। बैठक में धर्मांतरित परिवार की ओर से हिंदू धर्म में वापसी और परंपरागत रीति से अंतिम संस्कार करने का लिखित आश्वासन दिया गया, जिसके बाद मामला शांत हुआ। शुक्रवार को महिला के शव का गांव में शांतिपूर्ण ढंग से अंतिम संस्कार किया गया। प्रशासन के अनुसार, फिलहाल क्षेत्र में कानून-व्यवस्था पूरी तरह नियंत्रण में है।