Mirzapur चैत्र नवरात्रि के पावन पर्व से ठीक पहले मुख्यमंत्री और गोरक्षपीठाधीश्वर योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को विंध्याचल पहुँचकर माँ विंध्यवासिनी के चरणों में हाजिरी लगाई। मुख्यमंत्री ने माँ को लाल चुनरी अर्पित की और विधि-विधान से आरती उतारकर प्रदेश की जनता के स्वास्थ्य और समृद्धि की कामना की।

Mirzapur नवरात्रि की तैयारियों का जायजा और प्रशासन को सख्त निर्देश
मुख्यमंत्री ने मंदिर परिसर का भ्रमण कर आगामी चैत्र नवरात्रि और रामनवमी के लिए की जा रही तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने जिला प्रशासन को स्पष्ट निर्देश दिए कि मेले के दौरान आने वाले लाखों श्रद्धालुओं को सुगम दर्शन की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही, उन्होंने मंदिर प्रांगण और पूरे विंध्य क्षेत्र में स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने के लिए निर्देशित किया।

Mirzapur विंध्य कॉरिडोर का अवलोकन और बच्चों के बीच मुख्यमंत्री
पूजा-अर्चना के बाद सीएम योगी ने निर्माणाधीन ‘विंध्यवासिनी कॉरिडोर’ का विस्तृत अवलोकन किया और वहां लगे स्टालों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने वहां मौजूद श्रद्धालुओं का अभिवादन स्वीकार किया। कॉरिडोर परिसर में बच्चों को देखकर मुख्यमंत्री खुद उनके पास पहुँचे, उनका हालचाल जाना और उन्हें मोबाइल का कम उपयोग कर पढ़ाई पर ध्यान देने की सीख दी। इस दौरान उन्होंने बच्चों को चॉकलेट भी बांटी।

Mirzapur स्थानीय जनप्रतिनिधियों की रही मौजूदगी
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री आशीष पटेल, विधायक रत्नाकर मिश्र और विधान परिषद सदस्य विनीत सिंह सहित कई स्थानीय जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने कॉरिडोर निर्माण कार्य की प्रगति पर संतोष व्यक्त करते हुए इसे समय सीमा में और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा करने पर जोर दिया।
Read this: Delhi: रील बनाने के चक्कर में गई जान; युवक ने सीने पर रखकर चलाई गोली





