Report: Sanjeev kumar
Bokaro बोकारो स्टील प्लांट (BSL) के आईएमएफ विभाग में आज एक हृदयविदारक दुर्घटना घटी, जिसमें एक संविदा कर्मी को अपनी जान गंवानी पड़ी। सुरक्षा मानकों के दावों के बीच हुई इस घटना ने एक बार फिर औद्योगिक सुरक्षा पर सवालिया निशान खड़े कर दिए हैं।
Bokaro काम के दौरान ऊंचाई से गिरने से हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक, हादसा सोमवार सुबह करीब 9:50 बजे ‘ए’ शिफ्ट के दौरान हुआ। मेसर्स नीरज इंटरप्राइसेस के तहत कार्यरत 37 वर्षीय संविदा कर्मी गणेश महतो आईएमएफ विभाग में क्रेन संख्या 3 पर चढ़ रहे थे। इसी दौरान अचानक उनका संतुलन बिगड़ गया और वे काफी ऊंचाई से नीचे गिर पड़े। इस दुर्घटना में उन्हें गंभीर अंदरूनी और बाहरी चोटें आईं।
Bokaro अस्पताल में उपचार के दौरान तोड़ा दम
हादसे के तुरंत बाद मौके पर मौजूद अन्य कर्मियों ने शोर मचाया, जिसके बाद घायल गणेश महतो को तत्काल प्लांट के भीतर स्थित मेडिकल सेंटर ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी बिगड़ती हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें बोकारो जनरल अस्पताल (BGH) रेफर कर दिया। हालांकि, नियति को कुछ और ही मंजूर था; करीब एक घंटे तक चले संघर्ष के बाद सुबह 10:50 बजे डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
Bokaro जांच में जुटा प्रबंधन, परिजनों में मचा कोहराम
इस घटना के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बोकारो स्टील प्लांट प्रबंधन ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है और पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना प्रकट की है। प्रबंधन ने मामले की उच्च स्तरीय जांच के आदेश दे दिए हैं ताकि यह स्पष्ट हो सके कि हादसा तकनीकी खराबी के कारण हुआ या सुरक्षा उपकरणों के उपयोग में कोई चूक हुई थी। फिलहाल, आईएमएफ विभाग में सुरक्षा ऑडिट की मांग तेज हो गई है।
Read this: Bokaro: नाबालिग से यौन शोषण की कोशिश करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, पुलिस ने 12 घंटे में दबोचा





