रिपोर्ट- संजीव कुमार
बोकारो: झारखंड में सूर्य हसदा एनकाउंटर की सीबीआई जांच और रिम्स टू निर्माण के लिए आदिवासियों की जमीन जबरन अधिग्रहण के विरोध में भाजपा ने आज उलगुलान आंदोलन का ऐलान किया। इसी कड़ी में चास प्रखंड मुख्यालय में भाजपा कार्यकर्ताओं और नेताओं ने पूर्व विधायक बिरंचि नारायण की अगुवाई में जोरदार प्रदर्शन किया।
प्रखंड कार्यालय का घेराव
प्रदर्शन के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने प्रखंड कार्यालय का घेराव किया और राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। उन्होंने साफ कहा कि सरकार आदिवासियों के अधिकारों का हनन कर रही है और इसके खिलाफ भाजपा सड़क से सदन तक संघर्ष करेगी।
भाजपा की प्रमुख मांगें
- सूर्य हसदा एनकाउंटर मामले की जांच सीबीआई से कराई जाए।
- रिम्स टू का निर्माण आदिवासियों की जमीन पर न होकर सरकारी जमीन पर किया जाए।
- बांग्लादेशी घुसपैठ पर रोक लगे और आदिवासियों के साथ हो रहे अन्याय को खत्म किया जाए।
बिरंचि नारायण का बयान
पूर्व विधायक बिरंचि नारायण ने राज्य सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा—
“हेमंत सोरेन के पहले और दूसरे कार्यकाल में आदिवासियों पर लगातार अत्याचार हो रहे हैं। आदिवासी बहू-बेटियों की इज्जत से खिलवाड़ किया जा रहा है। हम सूर्य हसदा एनकाउंटर मामले की सीबीआई जांच की मांग करते हैं। साथ ही रिम्स टू का निर्माण बंजारा पड़े सरकारी जमीन पर होना चाहिए, न कि आदिवासियों की जमीन पर।”
उन्होंने आगे कहा कि राज्य में बांग्लादेशी घुसपैठ लगातार बढ़ रही है। यहां आदिवासियों से विवाह कर घुसपैठिए बसने का काम कर रहे हैं, जिसे भाजपा किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं करेगी।
आंदोलन को मिलेगी और धार
भाजपा नेताओं ने चेतावनी दी कि अगर सरकार ने उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दिया, तो पार्टी आंदोलन को और तेज करेगी और पूरे राज्य में व्यापक विरोध प्रदर्शन होगा।





